T20 World Cup 2026

इंडिया यामाहा मोटर ने अपने दो प्रमुख मॉडल के 1.1 लाख रुपये तक घटाए दाम

इंडिया यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने दो प्रमुख मॉडल – यामाहा आर3 और यामाहा एमटी-03 की कीमतों में 1.10 लाख रुपये तक की भारी कटौती की है. कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि ये नई कीमतें 1 फरवरी, 2025 से लागू होंगी.

Shilpa Srivastava

इंडिया यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने दो प्रमुख मॉडल – यामाहा आर3 और यामाहा एमटी-03 की कीमतों में 1.10 लाख रुपये तक की भारी कटौती की है. कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि ये नई कीमतें 1 फरवरी, 2025 से लागू होंगी. नई कीमतों के अनुसार, यामाहा आर3 की कीमत अब 3,59,900 रुपये और यामाहा एमटी-03 की कीमत 3,49,900 रुपये होगी. ये कीमतें दिल्ली के शोरूम की हैं.

यामाहा कंपनी ने बताया कि भारत में प्रीमियम मोटरसाइकिलों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. कंपनी का कहना है कि कीमत कम करने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक अपनी बाइक पहुंचाना है, जिससे लोग प्रीमियम बाइक के शानदार अनुभव का आनंद उठा सकें. इस बदलाव के साथ, यामाहा ने अपनी किफायती लेकिन प्रीमियम मोटरसाइकिलों को ग्राहकों के लिए और भी बेहतर विकल्प बना दिया है.

कंपनी का कहना है कि यामाहा मोटरसाइकिलें बेहतरीन डिज़ाइन, दमदार परफॉर्मेंस और नई तकनीक के साथ आती हैं. कीमतों में कटौती से यह सुनिश्चित किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा ग्राहक यामाहा की प्रीमियम बाइक्स खरीद सकें और उनके शानदार फीचर्स का आनंद उठा सकें.

यामाहा मोटर इंडिया को उम्मीद है कि इस रणनीतिक कदम से भारतीय बाजार में प्रीमियम बाइक सेगमेंट में कंपनी की पकड़ और मजबूत होगी. साथ ही, यह बाइक प्रेमियों के एक बड़े वर्ग को आकर्षित करने में मदद करेगी. यामाहा की यह पहल उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जो दमदार और स्टाइलिश बाइक्स खरीदने की योजना बना रहे हैं.

इनपुट: भाषा