कौन हैं रामचरितमानस का रहस्यमयी पात्र काकभुशुण्डि? जिनकी रामभक्ति ने गरुड़ का भी दूर कर दिया भ्रम

काकभुशुण्डि रामचरितमानस के उत्तरकांड में वर्णित भगवान श्रीराम के परम भक्त और चिरंजीवी महात्मा हैं. पौराणिक कथाओं के अनुसार वे श्राप के कारण कौवे के रूप में रहे.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भगवान श्रीराम और रामायण से जुड़े कई पात्रों को लेकर लोगों की जिज्ञासा बढ़ी है. इन्हीं में एक नाम काकभुशुण्डि का भी है. रामचरितमानस के उत्तरकांड में वर्णित काकभुशुण्डि को भगवान श्रीराम का परम भक्त और चिरंजीवी महात्मा माना जाता है. उनकी कथा भक्ति, ज्ञान और विनम्रता का संदेश देती है.

गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस के अनुसार काकभुशुण्डि भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त हैं. उनका स्वरूप कौवे जैसा बताया गया है. उनके मुख पर कौवे की चोंच है, जबकि शरीर दिव्य मनुष्य के समान है. उन्हें चिरंजीवी माना जाता है, यानी ऐसे महात्मा जो युगों तक जीवित रहकर श्रीराम की लीलाओं का साक्षी बने रहे.

क्या है पौराणिक कथा?

पौराणिक कथाओं के अनुसार काकभुशुण्डि अपने पूर्व जन्म में अयोध्या के एक विद्वान ब्राह्मण थे. वे भगवान शिव के भक्त थे, लेकिन ज्ञान के कारण उनमें अहंकार आ गया. एक दिन गुरु के सम्मान में खड़े न होने पर भगवान शिव ने उन्हें श्राप दिया. बाद में गुरु की प्रार्थना पर श्राप का प्रभाव कम हुआ और उन्हें भविष्य में श्रीराम की भक्ति प्राप्त होने का आशीर्वाद मिला.


एक अन्य कथा के अनुसार अपने अंतिम जन्म में उन्होंने सगुण श्रीराम की भक्ति का मार्ग चुना, जबकि उनके गुरु उन्हें निर्गुण ब्रह्म की उपासना करने को कह रहे थे. मतभेद होने पर उन्हें कौवा बनने का श्राप मिला. काकभुशुण्डि ने इसे भी प्रभु की इच्छा मानकर स्वीकार किया और रामभक्ति में लीन हो गए.

रामायण में क्या है वर्णन?

रामायण की एक प्रसिद्ध कथा में मेघनाद द्वारा भगवान श्रीराम को नागपाश में बांधने के बाद पक्षीराज गरुड़ ने उन्हें मुक्त कराया. इसके बाद गरुड़ के मन में यह संदेह पैदा हुआ कि यदि श्रीराम भगवान हैं तो वे नागपाश में कैसे बंध गए. इस संशय का समाधान पाने के लिए वे ब्रह्मा और भगवान शिव के पास पहुंचे. भगवान शिव ने उन्हें काकभुशुण्डि के पास जाने की सलाह दी. काकभुशुण्डि ने गरुड़ को विस्तार से रामकथा सुनाई, जिससे उनका भ्रम दूर हो गया और श्रीराम के दिव्य स्वरूप का ज्ञान हुआ.

मान्यता है कि काकभुशुण्डि की निष्काम भक्ति और रामकथा से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें इच्छा मृत्यु का वरदान दिया. इसी कारण उन्हें चिरंजीवी महात्मा माना जाता है. कहा जाता है कि वे अपनी इच्छा से ही शरीर का त्याग कर सकते हैं.

राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के बाद काकभुशुण्डि की कथा एक बार फिर चर्चा में है. सनातन परंपरा में उन्हें भक्ति, विनम्रता और गुरु सम्मान का प्रतीक माना जाता है. उनकी कथा यह संदेश देती है कि सच्ची भक्ति से अहंकार का अंत होता है और ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है.