IMD

Aaj ka Rashifal: आज एकादशी पर किसके घर बरसेगी विष्णु जी की कृपा? देखिए अपनी राशि

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को आश्विन शुक्ल पक्ष की एकादशी है. भगवान विष्णु की कृपा से कई राशियों को तरक्की, सम्मान और पारिवारिक सुख मिलने के संकेत हैं.

Reepu Kumari

Aaj ka rashifal: गुरुवार की सुबह एकादशी की आस्था के साथ शुरू हुई है. आश्विन शुक्ल पक्ष की उदया तिथि एकादशी है और आज पापांकुशा एकादशी का व्रत भी रखा जाएगा. यह तिथि दोपहर 2 बजकर 49 मिनट तक रहेगी. रात 11 बजकर 40 मिनट तक वृद्धि योग रहेगा और रात 8 बजकर 49 मिनट तक शतभिषा नक्षत्र का प्रभाव रहेगा. आज पंचक भी है. भगवान विष्णु की कृपा से कई राशियों के घर समृद्धि और खुशहाली आ सकती है.

आज का राशिफल

मेष: तारीफ और तोहफे का दिन

दिन खुशियों भरा रहेगा. छोटी मुश्किलें सकारात्मक सोच से सुलझ जाएंगी. किसी करीबी की परेशानी में साथ देकर सुकून मिलेगा. प्रेम संबंधों के लिए दिन बढ़िया है. दफ्तर में सीनियर काम की तारीफ करेंगे और तोहफा भी दे सकते हैं.


वृष: अपनी काबिलियत पर भरोसा

दिन लाभ देने वाला है. अपनी काबिलियत पर भरोसा रखें, दूसरों से उम्मीद न पालें. पैसों से जुड़ा फैसला फायदेमंद रहेगा और अटके काम पूरे होंगे. घर में आपसी तालमेल से कोई उलझन सुलझ सकती है. निराशा हो तो धैर्य रखें.

मिथुन: नई उमंग, बड़ा मौका

नई उमंग के साथ दिन शुरू होगा. परिवार आपके काम की तारीफ करेगा और मेहनत का फल मिलेगा. समझदारी से फिजूलखर्च रोकें और बचत की आदत डालें. दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी. बड़ा प्रोजेक्ट मिल सकता है, पर प्रतिस्पर्धा में कड़ी मेहनत चाहिए.

कर्क: मिलेगा शुभ संदेश

उत्साह भरा दिन रहेगा. कारोबार में समय के हिसाब से बदलाव जरूरी है. इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने का मन बना रहे लोगों के लिए समय अच्छा है. शुभ संदेश मिलेगा. सरकारी कर्मचारियों का मनचाही जगह तबादला हो सकता है और ओवरटाइम करने वालों की आमदनी बढ़ेगी.

सिंह: भले लोगों का साथ

दिन अच्छा रहेगा. कुछ भले लोगों से मुलाकात होगी और काम में उनकी मदद मिलेगी. नए विचारों पर काम करने से ज्यादा मुनाफा संभव है. लक्ष्य पर ध्यान रखें, आलस में काम न टालें. दुविधा हो तो किसी अनुभवी की सलाह लें और बुजुर्गों की देखभाल करें.

कन्या: तरक्की के खुलेंगे रास्ते

दिन शानदार रहेगा. नौकरी में किसी अधिकारी का पूरा साथ मिलेगा और तरक्की के रास्ते खुलेंगे. दफ्तर में बॉस की शाबाशी मिलेगी. पुराने दोस्तों से मुलाकात होगी और धार्मिक आयोजन में जाना हो सकता है. तनाव से दूर रहेंगे तो फैसले बेहतर होंगे.

तुला: खर्च पर लगाम, बहस से दूरी

दिन बढ़िया रहेगा. फालतू खर्च घटाने से आर्थिक उलझन काफी हद तक सुलझेगी. जरूरी चीजें संभालकर रखें और लेनदेन सावधानी से करें. विद्यार्थी व्यस्त रहेंगे. परिवार में मतभेद हो सकते हैं, इसलिए बहस से बचें और जीवनसाथी से नरमी से बात करें.

वृश्चिक: विनम्रता जीतेगी दिल

दिन बेहतर रहेगा. विनम्र स्वभाव से आप सबका दिल जीतेंगे और चुनौतियों का हल सूझबूझ से निकालेंगे. नया काम मिले तो ज्यादा सोचे बिना हाथ थाम लें. भाइयों की नोकझोंक खत्म होगी. कारोबार के सिलसिले में दूसरे राज्य की यात्रा हो सकती है.

धनु: किस्मत देगी साथ

आज किस्मत साथ देगी. विद्यार्थियों को ज्यादा मेहनत करनी होगी, पर सफलता के मौके जल्द मिलेंगे. सरकारी नौकरी की अड़चनें दूर होंगी. बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सम्मान का ध्यान रखें. शाम परिवार के साथ बीतेगी और घूमने का प्लान बन सकता है. नौकरीपेशा को नया प्रोजेक्ट मिल सकता है.

मकर: अपनों से मिलन, उधार से मुक्ति

दिन अनुकूल रहेगा. अपनों से मिलना खुशी देगा और मनपसंद चीज मिलने से मन खिल उठेगा. लंबे समय से चल रही समस्या सुलझेगी. युवा भविष्य से जुड़े काम में सफल होंगे. प्रशासनिक अधिकारी का सहयोग मिलेगा. पुराने मित्र से मुलाकात होगी और उधार चुकाने से तनाव घटेगा.

कुंभ: धैर्य रखें, मौका न गंवाएं

दिन बेहद खुशनुमा रहेगा. व्यस्तता के बावजूद परिवार और कारोबार में तालमेल बनाए रखेंगे. लापरवाही से मौका हाथ से निकल सकता है, इसलिए उत्साह बनाए रखें. नई गतिविधियां शुरू करने के लिए दिन अच्छा है, पर नतीजों के लिए धैर्य जरूरी है. शाम पार्क में बिताकर तरोताजा महसूस करेंगे.

मीन: बड़ों का आशीर्वाद, नया घर

दिन सुनहरा रहेगा. बड़ों के मार्गदर्शन से अहम फैसले आसान होंगे. भावनाओं में बहकर जरूरी बात किसी से साझा न करें. बच्चों की उलझनें सुलझाने के लिए समय निकालें. नया घर खरीदने वालों की डील पक्की हो सकती है. कारोबार बढ़ेगा, पर खानपान का ध्यान रखें.