गोवर्धन पूजा पर बन रहे हैं कई शुभ संयोग, सुबह इस समय करें पूजा, जानें पूरी विधि
गोवर्धन पूजा 2026 का पर्व 10 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा. कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी.
गोवर्धन पूजा हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है. यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की उस दिव्य लीला की याद में मनाया जाता है, जब उन्होंने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र देव के प्रकोप से बचाया था. हर साल यह त्योहार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के साथ गोवर्धन महाराज की पूजा करने की परंपरा है.
साल 2026 में गोवर्धन पूजा की तारीख और शुभ मुहूर्त को लेकर श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता है. इस बार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी. उदया तिथि के अनुसार, गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी. ऐसे में श्रद्धालु सुबह से ही पूजा की तैयारियां कर सकते हैं.
गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त
गोवर्धन पूजा के लिए सुबह का समय बेहद शुभ माना गया है. 10 नवंबर को सुबह 6 बजकर 40 मिनट से 8 बजकर 50 मिनट तक पूजा का शुभ मुहूर्त रहेगा. इसके अलावा सुबह 11 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजकर 26 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा. वहीं, शाम के समय पूजा करने वाले श्रद्धालु 5 बजकर 30 मिनट से 5 बजकर 56 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त में पूजा कर सकते हैं.
Also Read
क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र देव की पूजा करने के बजाय गोवर्धन पर्वत और प्रकृति की पूजा करने का संदेश दिया था. इससे नाराज होकर इंद्र देव ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी ब्रजवासियों और उनके पशुधन को उसके नीचे सुरक्षित स्थान दिया था. तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है.
इस पर्व को अन्नकूट उत्सव के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवान, मिठाइयां और अन्न का भोग लगाया जाता है. कई मंदिरों में 56 भोग अर्पित करने की परंपरा भी निभाई जाती है.
गोवर्धन पर्वत की 7 कोस परिक्रमा का महत्व
गोवर्धन पूजा के अवसर पर गिरिराज महाराज की परिक्रमा का विशेष महत्व है. गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगभग 7 कोस यानी 21 किलोमीटर लंबी मानी जाती है. इस दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु मथुरा के गोवर्धन पहुंचते हैं और गिरिराज महाराज के दर्शन कर परिक्रमा करते हैं.
मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की थी. धार्मिक विश्वास के अनुसार, सच्चे मन से गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.
गोवर्धन पूजा की सही विधि क्या है?
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद घर के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं. परंपरा के अनुसार, इसका मुख पश्चिम दिशा की ओर रखा जाता है. आकृति को फूलों से सजाकर उसके पास भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित करें.
गोवर्धन पर्वत की नाभि के स्थान पर मिट्टी का दीपक रखें. इसके बाद भगवान गोवर्धन और श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा करें. दीपक जलाकर फल, फूल, मिठाई और पकवान अर्पित करें. इस दिन कढ़ी, चावल और अन्नकूट का भोग लगाने की भी परंपरा है.
पूजा पूरी होने के बाद गोवर्धन पर्वत की सात परिक्रमा करें और भगवान की आरती उतारें. अंत में प्रसाद बांटें. इस दिन गाय, बैल और भगवान विश्वकर्मा की पूजा का भी विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से गोवर्धन पूजा करने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है.