Ekadashi Vrat Rules: सुहागिन महिलाओं को एकादशी का व्रत रखना चाहिए या नहीं? जानें शास्त्र और नियम

एकादशी केवल उपवास नहीं है, बल्कि भगवान विष्णु की भक्ति और आत्म-नियंत्रण का प्रतीक है. जो व्यक्ति पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ व्रत रखता है, उसे अवश्य ही इसके फल प्राप्त होते हैं. शास्त्रों में कहा गया है कि एकादशी का व्रत करने वाला व्यक्ति सभी प्रकार के कष्टों से मुक्त हो जाता है.

Pinterest
Antima Pal

Ekadashi Vrat Rule: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत को अत्यंत पवित्र और फलदायी माना जाता है. भगवान विष्णु को समर्पित यह व्रत हर महीने दो बार आता है. साल भर में सामान्यतः 24 से 25 एकादशी होती हैं. इस व्रत को रखने से पापों का नाश होता है, मानसिक शांति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है. लेकिन कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या सुहागिन महिलाएं एकादशी का व्रत रख सकती हैं या नहीं?

धर्म शास्त्रों के अनुसार सुहागिन महिलाएं एकादशी व्रत रख सकती हैं. नारद पुराण में स्पष्ट रूप से इसका उल्लेख है कि स्त्री-पुरुष, सुहागिन या विधवा कोई भी इस व्रत को रख सकता है. यह व्रत केवल पाप मुक्ति के लिए नहीं, बल्कि सुख-समृद्धि, घरेलू खुशहाली और आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी रखा जाता है. शास्त्र कहते हैं कि 8 वर्ष से 85 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति श्रद्धा के साथ यह व्रत रख सकता है.

किन लोगों को नहीं रखना चाहिए व्रत?

शास्त्रों में कुछ अपवाद भी दिए गए हैं. अगर कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार है तो उसे व्रत नहीं रखना चाहिए. गर्भवती महिलाओं, अत्यधिक बुजुर्गों और मासिक धर्म के दौरान महिलाओं के लिए भी एकादशी व्रत रखना वर्जित माना गया है. स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी व्रत धर्म शास्त्र स्वीकार नहीं करते.


एकादशी व्रत के मुख्य नियम

एकादशी के दिन पूर्ण रूप से अनाज का त्याग करना चाहिए. विशेष रूप से चावल खाना पूरी तरह वर्जित है. व्रत रखने वाले व्यक्ति फलाहार करते हैं – जैसे फल, दूध, आलू, साबुदाना, कुट्टू का आटा आदि. इस दिन बाल धोना भी नहीं चाहिए. व्रत अगले दिन यानी द्वादशी को पारण करके खोला जाता है. पारण सूर्योदय के बाद शुभ मुहूर्त में करना चाहिए.

यह व्रत केवल शरीर की शुद्धि नहीं करता, बल्कि मन को भी स्थिर और शांत रखता है. आजकल व्यस्त जीवनशैली में लोग छोटे-छोटे नियमों का पालन करके भी एकादशी रख रहे हैं. कई सुहागिन महिलाएं पूरे परिवार की खुशहाली और पति की लंबी आयु के लिए यह व्रत रखती हैं.

व्रत का सही महत्व

एकादशी केवल उपवास नहीं है, बल्कि भगवान विष्णु की भक्ति और आत्म-नियंत्रण का प्रतीक है. जो व्यक्ति पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ व्रत रखता है, उसे अवश्य ही इसके फल प्राप्त होते हैं. शास्त्रों में कहा गया है कि एकादशी का व्रत करने वाला व्यक्ति सभी प्रकार के कष्टों से मुक्त हो जाता है. इसलिए यदि आप स्वस्थ हैं और नियमों का पालन कर सकती हैं तो सुहागिन महिलाएं बिना किसी संकोच के एकादशी व्रत रख सकती हैं.