तमिलनाडु में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला, युवाओं में विजय की लहर; मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों की लिस्ट

आज यानी 23 अप्रैल को तमिलनाडु के सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है. इस चुनाव में कुछ नाम पर चर्चा तेज है. जनता के बीच इन नामों को लेकर काफी चर्चा है.

ANI, X (@VijayFansPage)
Shanu Sharma

आज तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक साथ मतदान होना है. राज्य में कई सालों से चला आ रहा द्विपक्षीय मुकाबला इस बार त्रिकोणीय हो जाएगा. सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और विपक्षी अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के नेतृत्व वाले गठबंधन के अलावा इस बार अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय मैदान में उतरने वाले हैं. 

विजय के उतरने से राज्य के युवा और शहरी मतदाताओं में नई उम्मीद जागी है. इस बार का चुनाव सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि नेतृत्व, नीतियों और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं का मिश्रण बन गया है. तो चलिए देखते हैं इस विधानसभा चुनाव में एक्टर विजय के अलावा कौन-कौन बड़े चेहरे मैदान  में उतर रहे हैं. 

DMK की ओर से लड़ेंगे जंग

DMK की ओर से एम.के. स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन उतरने वाले हैं. पिता-पुत्र की इस जोड़ी को DMK की रीढ़ कहा जाता है. मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन कोलाथुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां वे 2011 से लगातार जीतते आ रहे हैं. वहीं उनके बेटे और उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी से अपनी सीट बचाने की कोशिश कर रहे हैं.

एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला जब AIADMK से निकाले गए पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने DMK का दामन थाम लिया. वे बोदिनायक्कनूर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे उन्होंने 2011, 2016 और 2021 में जीता था. अब वे DMK के प्रतीक पर वोट मांग रहे हैं.

TVK को लेकर युवाओं में जोश

इस चुनाव में सबसे चर्चित चेहरा सी. जोसेफ विजय का बताया जा रहा है. अभिनेता से राजनेता बने विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर सीटों से चुनाव मैदान में हैं. TVK का स्वतंत्र चुनाव लड़ना इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रहा है. उनके नाम को लेकर युवाओं और महिलाओं में काफी जोश है.

AIADMK और DMK के प्रमुख चेहरे 

AIADMK के महासचिव और NDA के मुख्यमंत्री पद के चेहरे एडप्पादी पलानीस्वामी एडप्पादी सीट से चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं. इस चुनाव में उनका चेहरा भी प्रमुख बताया जा रहा है.  वे 2011 से इस सीट पर काबिज हैं. विपक्ष एंटी-इनकंबेंसी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठा रहा है.

बीजेपी के धुरंधर

BJP की ओर से  तमिलिसाई सौंदरराजन मायलापुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं. तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और पुडुचेरी की उपराज्यपाल रह चुकी तमिलिसाई संगठनात्मक अनुभव के साथ मैदान में हैं. उनकी मौजूदगी से पार्टी को मजबूती मिलेगी.  उनके अलावा बीजेपी से नैनार नागेंद्रन के नाम पर भी चर्चा है. उन्होंने सत्तूर सीट से चुनाव लड़ने का फैसला लिया हैं. वनथी श्रीनिवासन भी इस चुनाव में काफी एक्टिव हैं. कोयंबटूर क्षेत्र में सक्रिय, संगठनात्मक ताकत और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.

इन नामों पर भी चर्चा

NTK से सीमन के नाम पर चर्चा तेज है. वे लगातार तमिल पहचान, पर्यावरण और सत्ता विरोधी मुद्दों पर मजबूत प्रचार कर रहे हैं. PMK की ओर से अनबुमणि रामदास के नाम पर चर्चा तेज है. उत्तरी तमिलनाडु में वन्नियार समुदाय के बीच प्रभावशाली हैं. NDA के सहयोगी के रूप में वे कड़े मुकाबले वाली सीटों पर नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं.