ऑफिस में कर रहे हैं बप्पा की स्थापना तो इन बातों का रखें ध्यान


Km Jaya
06 Sep 2026

घर और ऑफिस में अलग होते हैं नियम

    गणेश चतुर्थी पर घर के साथ अब ऑफिस में भी बप्पा की स्थापना होने लगी है. लेकिन वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दोनों जगह गणपति स्थापना के नियम और उद्देश्य अलग माने जाते हैं.

ऑफिस के लिए कैसी हो गणेश जी की मूर्ति?

    घर में अलग अलग स्वरूप की गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है. वहीं ऑफिस और दुकान के लिए शांत और गंभीर भाव वाली पद्मासन में बैठी गणेश जी की प्रतिमा को शुभ माना जाता है.

पूजा का उद्देश्य भी होता है अलग

    घर में गणेश पूजा परिवार की सुख शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए की जाती है. ऑफिस में पूजा का संकल्प व्यापारिक वृद्धि, आर्थिक स्थिरता, काम में सफलता और अटके प्रोजेक्ट पूरे होने के लिए लिया जाता है.

ऑफिस में सही दिशा का रखें ध्यान

    वास्तु मान्यताओं के अनुसार ऑफिस में गणेश जी की चौकी उत्तर पूर्व यानी ईशान कोण या पूर्व दिशा में रखना शुभ माना जाता है. मूर्ति की पीठ मुख्य हॉल या केबिन की ओर नहीं होनी चाहिए.

बाईं ओर मुड़ी सूंड वाले गणपति चुनें

    कार्यस्थल के लिए बाईं ओर मुड़ी सूंड वाले गणपति की प्रतिमा को शुभ माना जाता है. दाईं ओर सूंड वाले गणपति की पूजा में विशेष नियमों का पालन किया जाता है.

वॉशरूम से रखें उचित दूरी

    ऑफिस में गणपति की चौकी वॉशरूम की दीवार से सटाकर नहीं रखनी चाहिए. पूजा स्थल हमेशा साफ और व्यवस्थित जगह पर होना चाहिए.

बप्पा को चढ़ाएं 21 दूर्वा

    मान्यता है कि गणेश जी को 21 दूर्वा की गांठें अर्पित करने से विघ्न दूर होते हैं. इसके साथ मोदक या बेसन के लड्डू का भोग भी लगाया जा सकता है.

बीम और सीढ़ियों के नीचे न रखें मूर्ति

    गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करते समय स्थान का विशेष ध्यान रखें. मूर्ति को छत की भारी बीम, सीढ़ियों के नीचे या असुविधाजनक जगह पर स्थापित करने से बचना चाहिए.

ऑफिस में पूजा का रखें अनुशासन

    ऑफिस में कई लोग आते जाते हैं. इसलिए गणपति स्थापना के दौरान पूजा स्थल की साफ सफाई, पवित्रता और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना जरूरी माना जाता है.

टीम के साथ करें आरती

    सुबह काम शुरू होने से पहले या शाम को काम खत्म होने के बाद टीम के साथ संक्षिप्त आरती की जा सकती है. इससे सभी कर्मचारी मिलकर बप्पा का आशीर्वाद लेते हैं और सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास करते हैं.

More Stories