डराने वाला वीडियो! रनवे एक, फ्लाइट 2... टेक ऑफ कर रही थी एयर इंडिया, उसी पर लैंड होने लगी इंडिगो
Mumbai Airport Viral Video: मुंबई एयरपोर्ट पर उस वक्त सैकड़ों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई, जब इंडिगो का विमान उसी रनवे पर उतरा, जहां से एयर इंडिया का विमान उड़ान भर रहा था.
Mumbai Airport Viral Video: मुंबई एयरपोर्ट से एक डराने वाला वीडियो सामने आया है. दावा किया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट को उसी रनवे पर लैंडिंग की इजाजत दे दी गई, जहां से एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भर रही थी. पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. मामला शनिवार का बताया जा रहा है.
घटना के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कार्रवाई की. DGCA ने घटना के दौरान तैनात कर्मचारियों पर कार्रवाई की है और उन्हें काम करने से रोक दिया गया है. साथ ही DGCA ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं.
DGCA की ओर से कहा गया कि कई बार बिजी रनवे के कारण ऐसा होता है, लेकिन इसके लिए निश्चित दूरी और समय की सीमा तय की गई है कि किसी फ्लाइट के टेकऑफ के कितने देर बाद उसी रनवे पर दूसरे विमान को लैंडिंग की इजाजत दी जाएगी.
Also Read
एयर इंडिया तिरुवनंतपुरम के लिए भर रही थी उड़ान
रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे 27 से तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ान भर रही थी. इसी दौरान ATC यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल के स्टाफ ने इंदौर से आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6053 को उसी रनवे पर लैंडिंग की इजाजत दे दी, जहां से एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भर रही थी. दोनों फ्लाइट के टेकऑफ और लैंडिंग में कुछ सेकंड और कुछ मीटर की दूरी का फासला था.
उधर, इंडिगो की ओर से बयान जारी कर घटना की पुष्टि की गई है. कहा गया है कि एटीसी की ओर से मिले क्लियरेंस बाद पायलट ने फ्लाइट को रनवे पर लैंड कराया. कहा गया कि इस बारे में डीजीसीए से शिकायत की गई है. उधर, घटना की जानकारी और शिकायत के बाद डीजीसीए ने सख्त रुख अपनाया है.