मैच के मैदान में शख्स ने की बदतमीजी, कागज में मोबाइल नंबर लिख चीयरलीडर की ओर फेंका; वीडियो वायरल
आईपीएल मैच के दौरान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति मैदान में मौजूद चीयरलीडर्स के साथ बदतमीजी करने की कोशिश की, जिसपर सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया.
IPL 2026 अब भी जारी है. इसी बीच एक खेल के मैदान से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच के दौरान एक परेशान करने वाली घटना घटी. आरोप है कि स्टेडियम के अंदर कुछ दर्शकों ने चीयरलीडर्स के साथ बदतमीजी की, जो कैमरे में कैद हो गया.
वायरल हो रहे वीडियो और दावों के मुताबिक, बाउंड्री एरिया के पास बैठे दर्शकों ने मैच के दौरान चीयरलीडर्स के साथ गलत व्यवहार किया. इससे जुड़ी एक क्लिप भी वायरल हो रही है, जिसमें कथित तौर पर यह दिखाया गया है कि एक दर्शक ने कागज के एक टुकड़े पर अपना फोन नंबर लिखा और मैच के दौरान उसे एक चीयरलीडर की तरफ फेंक दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस घटना से फैंस में गुस्सा फैल गया. कई लोगों ने इस व्यवहार की आलोचना की और बदतमीज दर्शकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मिल रही जानकारी के मुताबिक चीयरलीडर्स द्वारा विरोध जताए जाने पर स्टेडियम के अंदर मौजूद सुरक्षाकर्मी और पुलिस अधिकारी बीच-बचाव करते नजर आए. ऑनलाइन शेयर किए गए वीडियो में पुलिस को स्टैंड की तरफ जाते हुए देखा जा सकता है. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अधिकारियों की इस त्वरित कार्रवाई की तारीफ की और कहा कि खेल आयोजनों में इस तरह के व्यवहार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए.
लोगों का फूटा गुस्सा
भारत में आए विदेशी मेहमानों के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जो भी बाहर से आते हैं उनके साथ सही व्यवहार करना चाहिए ताकि वह भारत के लिए अच्छी यादें लेकर जाएं. इसके अलावा लोगों ने स्टेडियम में मौजूद हर एक व्यक्ति चाहे कलाकार हों या सपोर्ट स्टाफ, सबके लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल बनाने की बात कही है. हालांकि इस मामले पर पुलिस ने क्या एक्शन लिया या कुछ लिया भी या नहीं इस बात की कोई जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस क्लिप को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल है.