इस देश में सिर्फ 90 रुपये में मिलता है घर! स्कीम सुनकर रह जाएंगे हैरान; जानें क्या है इसकी वजह
इटली की 1 यूरो होम स्कीम के तहत कुछ गांवों और कस्बों में घर मात्र 1 यूरो में बेचे जा रहे हैं. इसका उद्देश्य खाली हो रहे ग्रामीण इलाकों में आबादी बढ़ाना है. चलिए जानते हैं और किन देशों में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध हैं.
नई दिल्ली: दुनिया में जहां ज्यादातर देशों में घर खरीदना लोगों के लिए एक बड़ा सपना बनता जा रहा है, वहीं कुछ ऐसे देश भी हैं जहां बेहद कम कीमत पर मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा इटली की 1 यूरो होम स्कीम की हो रही है. इस योजना के तहत कुछ शहरों और गांवों में घर मात्र 1 यूरो यानी करीब 90 से 100 रुपये में खरीदे जा सकते हैं.
इटली सरकार और स्थानीय नगरपालिकाओं ने यह पहल ग्रामीण इलाकों की घटती आबादी को रोकने के लिए शुरू की है. पिछले कई दशकों में बड़ी संख्या में युवा रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में गांवों और छोटे कस्बों को छोड़कर बड़े शहरों की ओर चले गए. इसके कारण कई गांव लगभग खाली हो गए और वहां मौजूद सैकड़ों मकान बिना उपयोग के जर्जर होने लगे.
स्थानीय प्रशासन ने क्यों लिया ये फैसला?
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने खाली पड़े घरों को बेहद कम कीमत पर बेचने का फैसला किया. इसका उद्देश्य नए लोगों को इन क्षेत्रों में बसाना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को फिर से सक्रिय बनाना है.
Also Read
इटली के कई सुंदर और ऐतिहासिक क्षेत्रों में यह योजना लागू है. विशेष रूप से सिसिली के कस्बे मुसोमेली, सम्बुका और ट्रोइना इस योजना के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए हैं. इसके अलावा सार्डिनिया के कुछ गांव भी इस पहल में शामिल हैं. यहां समुद्र तटों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित घर खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं.
और कहां मिल रहे ऐसे घर?
इसके साथ ही अब्रूजो और Calabria जैसे क्षेत्रों में भी कम कीमत वाले घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. ये इलाके अपनी ऐतिहासिक इमारतों, पहाड़ों और सुंदर प्राकृतिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध हैं.
हालांकि घर की कीमत केवल 1 यूरो होती है लेकिन इसे खरीदना पूरी तरह मुफ्त नहीं माना जा सकता. खरीदारों को घर के नवीनीकरण की विस्तृत योजना प्रस्तुत करनी होती है. अधिकांश मकान पुराने और जर्जर स्थिति में होते हैं, इसलिए उन्हें रहने योग्य बनाने के लिए मरम्मत पर हजारों यूरो खर्च करने पड़ सकते हैं.
खरीदारों को क्या करना होता है?
इसके अलावा खरीदारों को सुरक्षा जमा राशि या बैंक गारंटी भी देनी होती है. यह राशि आमतौर पर 1,000 से 5,000 यूरो के बीच होती है. यह सुनिश्चित करने के लिए लिया जाता है कि खरीदार तय समय के भीतर मरम्मत का काम पूरा करेगा.
इटली के अलावा जापान में भी अकिया नाम से खाली पड़े घर बेहद कम कीमतों पर उपलब्ध कराए जाते हैं. वहीं स्पेन के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में भी कम आबादी वाले गांवों में सस्ते मकान खरीदने के अवसर मौजूद हैं.