जेवर एयरपोर्ट की पहली फ्लाइट में सवार होकर लखनऊ पहुंचे 170 किसान, सीएम योगी ने किया अभिनंदन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से जेवर क्षेत्र के 170 किसान और मजदूर लखनऊ पहुंचे. यह कार्यक्रम किसानों के सम्मान और उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का प्रतीक माना जा रहा है.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक ऐतिहासिक और भावनात्मक शुरुआत हुई है. जेवर क्षेत्र के करीब 170 किसान और खेतिहर मजदूर, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं, एयरपोर्ट की पहली उड़ान से लखनऊ पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया. यह अवसर उन किसानों के लिए खास है, जिनकी जमीन पर आज देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक विकसित हुआ है.
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस पहल को किसानों के सम्मान और आत्मविश्वास से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास का नया मॉडल पेश कर रहा है.