उत्तर कोरिया ने दागी 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, हाई अलर्ट पर तीनों देश
उत्तर कोरिया ने गुरुवार को अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र की दिशा में कम दूरी की 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर एक बार फिर क्षेत्रीय तनाव बढ़ा दिया. यह प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका की ओर से उत्तर कोरिया के साथ बातचीत दोबारा शुरू करने की कोशिशें चल रही हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर कोरिया की ओर से मिसाइलों को शाम करीब 5 बजे प्योंगयांग क्षेत्र से छोड़ा गया. प्रक्षेपण की खबर मिलते ही दक्षिण कोरियाई सेना ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी. सेना लगातार उत्तर कोरिया की सैन्य गतिविधियों पर नजर रख रही है. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि मिसाइल प्रक्षेपण से जुड़ी जानकारी अमेरिका और जापान के साथ साझा की जा रही है.
जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी एक संदिग्ध मिसाइल प्रक्षेपण की पुष्टि की थी. मिसाइल प्रक्षेपण के बाद दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक की. परिषद ने उत्तर कोरिया से ऐसे प्रक्षेपण रोकने की अपील की. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों पर प्रतिबंध है. इस घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है. इस मुद्दे पर और भी बेहतर तरीके से समझने के लिए आप इंडिया डेली के इस खास वीडियो को देख सकते हैं.