Premier Energies: 4 दिन में पैसे डबल कर गया ये IPO, जानिए अब कैसा है हाल

Premier Energies IPO: शेयर मार्केट में लिस्ट होते ही प्रीमियर एनर्जीस ने जबरदस्त रिटर्न दिया है. 4 दिन पहले पैसे लगाने वाले जिन निवेशकों को आईपीओ मिला है उनके पैसे डबल हो गए हैं. यही वजह है कि इस शेयर में तेजी से बिकवाली हो रही है और शेयर प्राइस लगातार कम हो रहा है.

Premier Energies Official Website
India Daily Live

सोलर एनर्जी सेक्टर की बड़ी कंपनी प्रीमियर एनर्जीस के आईपीओ ने धूम मचा दी है. अब इस कंपनी के शेयर ट्रेड मार्केट में लिस्ट हो गए हैं और ट्रेडिंग भी शुरू हो गई है. जिन लोगों को आईपीओ अलॉटमेंट हुआ था, उनके पैसे सिर्फ 4 दिन के अंदर ही डबल हो गए हैं. आज यह शेयर 990 रुपये पर लिस्ट हुआ जबकि ग्रे मार्केट प्रीमियम के मुताबिक, अंदाजा लगाया जा रहा था कि यह शेयर 900 रुपये के आसपास लिस्ट हो सकता है. हालांकि, लिस्टिंग के साथ ही निवेशक बड़ी मात्रा में शेयर बेच रहे हैं जिसके चलते इस शेयर के दाम तेजी से गिर रहे हैं. सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर ही यह शेयर 867 रुपये कपर चल रहा था जो  कि लिस्टिंग से लगभग 7 पर्सेंट कम है.

इस आईपीओ का इश्यू प्राइस 450 रुपये था. एक लॉट में लगभग 33 शेयर दिए गए थे. यह शेयर 990 रुपये पर लिस्ट हुआ जो कि वास्तविक कीमत से लगभग 120 पर्सेंट ज्यादा है. यानी जिसे आईपीओ अलॉट हुआ, उसके पैसे चार दिन में ही डबल हो गए. बता दें कि इस कंपनी ने 27 से 29 अगस्त के बीच आईपीओ खोला था. आईपीओ अलॉटमेंट 30 अगस्त को किया गया था और आज यानी 3 सितंबर को इसकी लिस्टिंग हो गई है.

जबरदस्त है डिमांड

बता दें कि कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए 2830 करोड़ रुपये जुटाए हैं जिसका इस्तेमाल करके वह अपने कारोबार को और बढ़ाने वाली है. कंपनी पिछले कुछ समय से अच्छा-खासा मुनाफा कमा रही है और उसके फंडामेंटल भी मजबूत हैं जिसके चलते निवेशकों को इसमें भविष्य दिख रहा है. यही वजह है कि सिर्फ 3 दिन में ही इस आईपीओ का सब्सक्रिप्शन 74 गुना ज्यादा हुआ. रिटेल निवेशको ने भी इसमें खूब रुचि दिखाई है.

कंपनी इन पैसों से 4 GW के सोलर सेल और मॉड्यूल बनाने के लिए प्लांट लगाने जा रही है. बता दें कि इस इश्यू के आने से ठीक एक दिन पहले इस कंपनी ने एंकर बुक के जरिए 846.12 करोड़ रुपये जुटाए थे. भविष्य में सोलर एनर्जी के विस्तार, भारत में पीएम सूर्य घर बिजली योजना और सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की ओर जाने के मिशन को ध्यान में रखते हुए निवेशकों को उम्मीद है कि इस कंपनी के शेयर कुछ ही समय में मल्टीबैगर रिटर्न दे सकते हैं.

नोट: यह लेख जानकारी मात्र के लिए है. शेयर मार्केट में निवेश वित्तीय जोखिमों के अधीन है. किसी भी तरह के निवेश से पहले विशेषज्ञों की राय जरूरी लें.