NCRTC ने दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर पीक आवर्स में फिर बढ़ाईं ट्रेन ट्रिप्स, 10 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी नमो भारत
Delhi-Meerut Namo Bharat: पीक आवर्स में 10 नई ट्रेन ट्रिप्स शुरू, NCRTC ने यात्रियों को दी बड़ी राहत एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पीक आवर्स में 10 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं। अब सुबह और शाम के व्यस्त समय में कुल 18 नई ट्रिप्स से यात्रियों को कम इंतजार और अधिक सुविधा मिलेगी।
एनसीआरटीसी के पहले हाईस्पीड कॉरिडोर में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पीक आवर्स में सराय काले खां और मेरठ साउथ के बीच नमो भारत ट्रिप्स में फिर बढ़ोतरी की है और 10 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स जोड़ी हैं। यह वृद्धि पिछले सप्ताह एनसीआरटीसी द्वारा बढ़ाई गईं 8 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स के अलावा है। यह विस्तार दैनिक यात्रियों को अधिक सुविधा देने, प्रतीक्षा समय को कम करने और सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
10 ट्रिप सुबह और 8 ट्रिप शाम को बढ़ेंगी
18 ट्रेन ट्रिप्स की बढ़ोत्तरी के साथ नई समय-सारिणी के अनुसार 10 अतिरिक्त ट्रिप्स सुबह के पीक आवर्स में 7 बजे से 11:30 बजे तक उपलब्ध होंगी जबकि 8 अन्य ट्रिप्स शाम के पीक आवर्स में 5 बजे से 8:30 बजे के बीच परिचालित होंगी। इस बढ़ी हुई ट्रेन फ्रीक्वेंसी से यात्रियों के लिए अधिक ट्रेनें उपलब्ध होंगी, उनका प्रतीक्षा समय कम होगा, सीट की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रा अनुभव समग्र रूप से बेहतर होगा। इस अतिरिक्त सेवा का लाभ विशेष रूप से रोजाना कार्यालय जाने वालों, विद्यार्थियों और अन्य नियमित यात्रियों को मिलेगा।
रोजाना एक लाख यात्री करते हैं सफर
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। यात्रियों द्वारा नमो भारत को दी जा रही प्राथमिकता इस तीव्र, विश्वसनीय, सुरक्षित और आरामदायक क्षेत्रीय परिवहन के साधन पर उनके बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग करने की अपील की थी, यह पहल उसके अनुरूप है। दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ के कई क्षेत्रों में तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है और लू की स्थिति बनी हुई है, ऐसी परिस्थितियों में नमो भारत का महत्व और भी बढ़ गया है।