नई दिल्ली: आज के समय में फोटोग्राफी काफी आसान हो गई है. पहले जहां अच्छे फोटो लेने के लिए महंगे कैमरे की जरूरत पड़ती थी, वहीं अब लोग अपने स्मार्टफोन से ही शानदार तस्वीरें खींच लेते हैं. स्मार्टफोन अब सिर्फ कॉल या मैसेज के लिए नहीं, बल्कि हर छोटे-बड़े काम के लिए इस्तेमाल हो रहा है. आपने देखा होगा कि आजकल के स्मार्टफोन में एक नहीं, बल्कि तीन या चार कैमरे दिए जाते हैं.
कई लोगों को लगता है कि ये सिर्फ दिखाने के लिए होते हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. हर कैमरे का अपना अलग काम होता है और यही वजह है कि फोन में इतने कैमरे दिए जाते हैं. अब किस कैमरे का कितना काम होता है और यह कब काम करता है, चलिए जानते हैं यहां…
सबसे ज्यादा इस्तेमाल प्राइमरी कैमरे का होता है. जब भी आप नॉर्मल फोटो खींचते हैं, तो यही कैमरा काम करता है. इसकी क्वालिटी सबसे बेहतर होती है और यह रोजमर्रा की फोटोग्राफी के लिए बनाया जाता है.
इसके अलावा अल्ट्रा-वाइड कैमरा होता है, जो बड़ी जगह या ज्यादा लोगों को एक ही फ्रेम में कैद करने के काम आता है. जैसे अगर आप किसी बड़े ग्रुप या खूबसूरत नजारे की फोटो ले रहे हैं, तो यह कैमरा बहुत काम का होता है.
टेलीफोटो कैमरा दूर की चीजों को साफ तरीके से जूम करके दिखाने के लिए इस्तेमाल होता है. अगर आप किसी दूर खड़ी बिल्डिंग या किसी व्यक्ति की फोटो लेना चाहते हैं, तो यह कैमरा मदद करता है बिना क्वालिटी खराब किए.
मैक्रो कैमरा छोटी-छोटी चीजों की क्लोज-अप फोटो लेने के लिए होता है. जैसे फूल, कीड़े या किसी छोटी चीज की डिटेल कैप्चर करनी हो, तो यह कैमरा बहुत उपयोगी होता है.
अब सवाल आता है कि क्या ये सभी कैमरे एक साथ फोटो लेते हैं? जवाब है नहीं. आमतौर पर जब आप फोटो क्लिक करते हैं, तो एक ही कैमरा एक्टिव होता है, जो उस समय के मोड के हिसाब से चुना जाता है. हालांकि, कुछ स्मार्टफोन में AI और एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है, जो अलग-अलग कैमरों से मिली जानकारी को मिलाकर फोटो को और बेहतर बना देता है.
नोट: ज्यादा कैमरों का मतलब सिर्फ बेहतर फोटो नहीं, बल्कि हर तरह की स्थिति में सही फोटो लेना होता है. यानी एक ही फोन से आप हर तरह की फोटोग्राफी आसानी से कर सकते हैं.