Lava Blaze Curve 5G Review: 17999 रुपये में बेहद ही खूबसूत फोन जो परफॉर्मेंस के मामले में है दमदार
Lava Blaze Curve 5G को हम पिछले काफी समय से इस्तेमाल कर रहे हैं. इस फोन की परफॉर्मेंस कैसी है ये हम आपको यहां बता रहे हैं.
Lava Blaze Curve 5G Review: एक ऐसा फोन जो सस्ता भी हो और कर्वी भी हों. थोड़ा मुश्किल लगता है. लेकिन Lava ने ऐसा कर दिखाया है. Lava Blaze Curve 5G एक ऐसा फोन है जिसका डिजाइन किसी फ्लैगशिप फोन से कम नहीं है. डिजाइन को कमाल है ही लेकिन क्या इसके फीचर्स भी उतने दमदार हैं? इस जवाब के लिए हम पिछले कुछ समय से Lava Blaze Curve 5G को यूज कर रहे हैं. इस फोन के हर फीचर को अच्छे से चेक करने के बाद हमारा एक्सपीरियंस इसके साथ कैसा रहा और क्या यह आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन साबित होगा या नहीं, चलिए जानते हैं.
डिजाइन: हमारे पास यह फोन ग्लास आयरन कलर में आया है. मैट फिनिश में यह बेहद ही सुंदर लग रहा है. इसके बैक पैनल पर गोरिल्ला ग्लास की प्रोटेक्शन दी गई है. इस पर फिंगरप्रिंट छपते हैं लेकिन बहुत ज्यादा नहीं. 8.8mm की मोटाई है जिससे यह बहुत बल्कि नहीं है और एकदम स्लिम लगता है. इसका वजन 189 ग्राम है. यह बहुत ज्यादा भारी नहीं है. हाथ में कपड़कर एकदम फ्लैगशिप फोन जैसा फील मिलता है. साइड्स बेहद ही स्लिम हैं. इसके साथ कवर दिया गया है जिसे लगाकर भी फोन मोटा नहीं लगता है. एक हाथ से पकड़कर फोन को आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. कुल मिलाकर जिस रेंज में इस फोन को लॉन्च किया गया है उसके हिसाब से यह फोन बेहद ही शानदार है. दिखने में यह अपनी कीमत से ज्यादा का लगता है.
डिस्प्ले: इसमें 6.67 इंच का FHD AMOLED डिस्प्ले दिया गया है जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है. इसकी पीक ब्राइटनेस 800 निट्स है. इसकी कर्व्ड स्क्रीन काफी आकर्षक हैं. लेकिन इसमें एक्सीडेंटल टच की परेशानी है. इसलिए फोन पर कवर लगाकर ही इस्तेमाल करें. फोन पर फुल एचडी वीडियो की क्वालिटी काफी अच्छी आती है. कलर्स और एक्यूरेसी एकदम सटीक है. लेकिन अगर आप 4K वीडियोज देखेंगे तो आपको फ्रेम ड्रॉप का इश्यू आएगा.
मैंने लगभग सभी OTT प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो देखीं और सभी पर क्वालिटी अच्छी रही. फोन का फ्रंट पैनल काफी सॉलिड है. मैंने तो अभी तक स्क्रीन गार्ड नहीं लगवाया है और स्क्रैच का इश्यू भी नहीं आया है. इसके साथ ही डॉल्बी एटमस ड्यूल स्पीकर्स दिए गए हैं जो काफी अच्छी साउंड क्वालिटी देते हैं. डिस्प्ले के मामले में कंपनी ने काफी अच्छा काम किया है. आपको ये जरूर पसंद आएगा.
परफॉर्मेंस: फोन में मीडियाटेक डायमेंसिटी 7050 चिपसेट दिया गया है जिसमें 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज दी गई है. दिनभर के सभी मॉडरेट काम आप आसानी से कर सकते हैं. सोशल मीडिया ब्राउज करने से लेकर इंटरनेट ब्राउजिंग करने तक और डेली जितने टास्क होते हैं वो सभी करने तक, इसकी परफॉर्मेंस काफी अच्छी रही. जितने दिन मैंने फोन का इस्तेमाल किया उतने दिन मुझे इसमें किसी तरह का हैंग या लैग इश्यू नहीं आया. इस कीमत में यह फोन दमदार परफॉर्मेंस देने में पूरी तरह सक्षम है.
गेमिंग की बात करें तो इस मामले में भी यह फोन काफी अच्छा है. मैंने इस पर कई रेसिंग गेम्स खेले जिसमें Asphalt 9 भी था. फोन पर कोई भी गेम मीडियम सेटिंग पर खेला जा सकता है. हाई सेटिंग्स पर जाने से फोन हैंग हो सकता है. अगर आप फोन को लगातार 4 से 5 घंटे गेमिंग करें तो यह हीट भी होने लगता है. लेकिन प्राइस रेंज के हिसाब से फोन पर नॉर्मल गेम खेले जाएं तो बेहतर रहेगा.
सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें क्लीन एंड्रॉइड 13 दिया गया है. फोन में कोई प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स नहीं हैं जिससे फोन का इंटरफेस एकदम क्लीन लगता है. इसमें कुछ अच्छे फीचर्स दिए गए हैं जिसमें एज लाइटनिंग और एप लॉक है. इससे फोन का एक्सपीरिंयस और बेहतर हो जाता है.
कैमरा: फोन में 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड सेंसर और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर दिया गया है. साथ ही 32 मेगापिक्सल का फ्रंट सेंसर दिया गया है. दिन की रोशनी में फोन से अच्छी फोटोज ली जा सकती हैं. कलर्स और डिटेलिंग अच्छी मिलती है. प्राइमरी लेंस से शार्पनेस अच्छी आती है. हालांकि, वाइड एंगल सेंसर में डिटेलिंग मिस रहती है. लो लाइट सेंसर ने बहुत अच्छा काम नहीं किया. कलर्स तो ठीक-ठाक रहे लेकिन डिटेलिंग अच्छी नहीं थी. फ्रंट कैमरा से फोटोज ठीक-ठाक आ जाती हैं. इस प्राइस रेंज के हिसाब से कैमरा को थोड़ा बेहतर किया जा सकता था.
बैटरी: फोन में 500mAh की बैटरी दी गई है जो 33W चार्जिंग सपोर्ट करती है. एक बार के फुल चार्ज में इसे मॉडरेट यूज में फुल चार्ज किया जा सकता है. अगर आप गेमिंग करेंगे या यूट्यूब वीडियोज देखेंगे तो यह समय थोड़ा कम हो जाएगा. बैटरी चार्जिंग क्षमता की बात करें तो 0 से 100 फीसद तक फोन चार्ज करने में 90 मिनट से ज्यादा का समय लगता है. बैटरी के मामले में तो फोन मुझे अच्छा लगा.
हमारा फैसला: Lava Blaze Curve 5G की कीमत 17,999 रुपये है. कैमरा को छोड़कर इसका हर फीचर काफी अच्छा है. परफॉर्मेंस के मामले में भी कमाल है. अगर आपको इस रेंज में एक कर्व्ड स्क्रीन वाला फोन, अच्छी परफॉर्मेंस और क्लीन सॉफ्टवेयर वाला फोन चाहिए तो Lava Blaze Curve 5G एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है.