नई दिल्ली: आज के डिजिटल समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. बैंकिंग ऐप, ईमेल, सोशल मीडिया और निजी जानकारी सब फोन में रहती है. इसलिए फोन की सुरक्षा बेहद जरूरी है. आमतौर पर लोग मानते हैं कि पासवर्ड जितना लंबा और मुश्किल होगा, सिक्योरिटी उतनी ही बेहतर होगी. ऑनलाइन अकाउंट्स के लिए इस बात को सही कहा जा सकता है, लेकिन फोन अनलॉक करने के मामले में स्थिति थोड़ी अलग हो सकती है. चलिए जानते हैं कि लंबा पासवर्ड हमेशा बेहतर क्यों नहीं होता है.
लंबे पासवर्ड में अगर लेटर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर रखे जाए तो साइबर अटैक करने वालों के लिए इन्हें क्रैक करना मुश्किल हो जाता है. हालांकि, स्मार्टफोन को बार-बार अनलॉक करने के लिए बहुत लंबा पासवर्ड रखना परेशानी बढ़ा सकता है. मुश्किल पासवर्ड याद रखना आसान नहीं होता. कई लोग इसे कागज पर लिख लेते हैं, फोन की नोट्स में सेव कर लेते हैं या किसी और को बता देते हैं. इससे मजबूत पासवर्ड बनाने के बाद भी सिक्योरिटी में सेंध लगना आसान हो जाता है.
स्मार्टफोन के लिए एक अच्छा PIN छोटा होने के बावजूद मजबूत सुरक्षा दे सकता है. नए फोन में गलत PIN बार-बार डालने पर अतिरिक्त सिक्योरिटी विकल्प चालू हो जाते हैं.
PIN याद रखना और टाइप करना आसान होता है. इससे उसे कहीं लिखकर रखने की जरूरत कम पड़ती है. यही वजह है कि फोन की लॉक स्क्रीन के लिए मजबूत PIN एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.
छोटा PIN तभी सुरक्षित है जब वह आसानी से अनुमान लगाने लायक न हो. 1234, 0000, 1111 जैसे आम PIN कभी न रखें. जन्मतिथि या ऐसा नंबर कभी न चुनें जिसे आपके बारे में थोड़ी जानकारी रखने वाला व्यक्ति आसानी से बता सके. अगर फोन में छह या उससे ज्यादा अंकों का PIN सेट करने का ऑप्शन है तो लंबा और यूनिक PIN चुनें. जितना मुश्किल इनका अंदाजा लगाना होगा, सुरक्षा उतनी ही बेहतर होगी.
फोन का PIN और ऑनलाइन अकाउंट का पासवर्ड एक जैसे नहीं होते. फोन अनलॉक के लिए मजबूत PIN ठीक है, लेकिन ईमेल, बैंकिंग और अन्य वेबसाइट अकाउंट्स के लिए अलग-अलग और मजबूत पासवर्ड रखना जरूरी है.
एक ही पासवर्ड कई जगह इस्तेमाल करने से बचें. जहां सुविधा हो वहां Two-Factor Authentication (2FA) जरूर ऑन करें. इससे पासवर्ड के अलावा एक और सिक्योरिटी लेयर जुड़ जाती है.
स्मार्टफोन की सुरक्षा सिर्फ पासवर्ड की लंबाई पर निर्भर नहीं करती. ऐसा PIN या पासवर्ड चुनें जो मजबूत हो, याद रखने में आसान हो और जिसे कहीं लिखने की जरूरत न पड़े. नियमित रूप से सुरक्षा सेटिंग्स चेक करते रहें और संदिग्ध ऐप्स से बचें.