अगले 4-5 साल में इंसानों से ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा AI, एलन मस्क का दावा
आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस तरह से इंसानों से भी ज्यादा स्मार्ट हो जाएगी, इस बात पर एलन मस्क ने पोस्ट किया है.
नई दिल्ली: आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बहुत तेजी से तरक्की कर रहा है. टेस्ला और xAI के मालिक एलन मस्क का कहना है कि अगर AI इसी रफ्तार से आगे बढ़ता रहा, तो आने वाले 4 से 5 साल में यह इंसानों से भी ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा. मस्क ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह बात कही.
वहीं, एक बिजनेसमैन पीटर एच. डायमंडिस ने पोस्ट किया था कि इंसानों का भविष्य सिर्फ कंप्यूटर पावर और एनर्जी पर नहीं, बल्कि अच्छे टूल्स और रिसोर्स पर भी निर्भर करता है. इस पोस्ट का जवाब देते हुए मस्क ने लिखा कि AI बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही इंसानी दिमाग को पीछे छोड़ देगा.
Also Read
AI पर हो रहा है भारी निवेश:
मस्क का यह बयान ऐसे समय में आया है जब OpenAI, Google, Meta, Anthropic और xAI जैसी कंपनियां AI पर अरबों-खरबों रुपये खर्च कर रही हैं. इन कंपनियों का लक्ष्य है कि AI और भी तेज, और भी स्मार्ट बने. अभी AI कंप्यूटर कोड लिख रहा है, कंटेंट बना रहा है और मुश्किल समस्याओं को हल कर रहा है.
रोबोट और ऑटोमेशन का भविष्य:
एलन मस्क का मानना है कि भविष्य में AI और स्मार्ट रोबोट इंसानों की जगह कई काम संभाल लेंगे. खासकर टेस्ला के ह्यूमनॉइड रोबोट फैक्टरियों में, खतरनाक कामों में और दोहराव वाले कामों में इंसानों की मदद करेंगे या उनकी जगह ले लेंगे. इससे चीजों की कीमत कम हो सकती है और प्रोडक्शन बढ़ सकता है.
मस्क ने कहा है कि अगर AI का सही और जिम्मेदारी से इस्तेमाल किया गया तो यह पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. इससे लोगों का जीवन आसान हो सकता है. लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि AI को सही दिशा में विकसित करना बहुत जरूरी है.
AI का असर:
AI के बढ़ते प्रभाव से कई क्षेत्र बदलने वाले हैं. फैक्टरियां, स्वास्थ्य, शिक्षा, ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की जिंदगी, हर जगह AI की भूमिका बढ़ रही है. मस्क का मानना है कि सही दिशा में आगे बढ़ने पर AI इंसानी प्रगति को नई ऊंचाई दे सकता है.