Bigg Boss 20

पुराना लैपटॉप खरीदने जा रहे हैं? ठगने से पहले ऐसे पकड़ें बैटरी का झूठ, 2 मिनट में खुलेगी पूरी पोल!

आज के समय में लैपटॉप पढ़ाई, ऑफिस के काम, ऑनलाइन क्लास और एंटरटेनमेंट के लिए जरूरी हो गया है. लेकिन अच्छे प्रोसेसर और ज्यादा रैम वाला नया लैपटॉप खरीदना हर किसी के बजट में नहीं होता.

ChatGPT
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: आज के समय में लैपटॉप पढ़ाई, ऑफिस के काम, ऑनलाइन क्लास और एंटरटेनमेंट के लिए जरूरी हो गया है. लेकिन अच्छे प्रोसेसर और ज्यादा रैम वाला नया लैपटॉप खरीदना हर किसी के बजट में नहीं होता. ऐसे में कई लोग सेकंड हैंड यानी पुराना लैपटॉप खरीदना पसंद करते हैं. इसमें कम कीमत में अच्छा मॉडल मिल सकता है, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही आपको हजारों रुपये का नुकसान करा सकती है.

दरअसल, पुराने लैपटॉप में सबसे पहले उसकी बैटरी की हालत जांचनी चाहिए. कई बार लैपटॉप बाहर से बिल्कुल नया दिखाई देता है, लेकिन उसकी बैटरी कुछ ही मिनटों में खत्म हो जाती है. अच्छी बात यह है कि Windows और MacBook दोनों में बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप के बैटरी की जानकारी हासिल की जा सकती है.

Windows लैपटॉप की बैटरी ऐसे चेक करें:

अगर आप पुराना Windows लैपटॉप खरीद रहे हैं तो उसकी बैटरी हेल्थ जांचने के लिए इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें.


  • सबसे पहले लैपटॉप के सर्च बार में CMD टाइप करें. इसके बाद Command Prompt ओपन करें.

  • अब स्क्रीन पर powercfg /batteryreport लिखकर एंटर दबाएं. इसके बाद एक HTML फाइल का लोकेशन दिखाई देगा.

  • उस लोकेशन को कॉपी करके इंटरनेट ब्राउजर में पेस्ट करें. अब आपके सामने बैटरी की पूरी रिपोर्ट खुल जाएगी. इसमें दो चीजें खास तौर पर देखनी हैं.

  • बैटरी कैपेसिटी: जब लैपटॉप नया था, तब बैटरी कितनी पावर स्टोर कर सकती थी.

  • फुल चार्ज कैपिसिटी: मौजूदा समय में बैटरी पूरी चार्ज होने पर कितनी पावर स्टोर कर पा रही है.

  • अगर फुल चार्ज कैपिसिटी, बैटरी कैपेसिटी से काफी कम है तो बैटरी कमजोर हो चुकी है. उदाहरण के लिए, नई बैटरी की क्षमता 50000 mWh थी और अब यह केवल 30000 mWh रह गई है, तो बैटरी की क्षमता लगभग 60 फीसदी बची है. ऐसी स्थिति में बैटरी बदलवाने का खर्च भी ध्यान में रखें.

पुराना MacBook खरीदने से पहले करें यह काम:

  • अगर आप सेकंड हैंड MacBook खरीद रहे हैं तो उसकी बैटरी जांचने का तरीका थोड़ा अलग है. कीबोर्ड पर Option बटन दबाकर रखें.

  • इसके बाद ऊपर बाईं तरफ Apple लोगो पर क्लिक करें. System Information विकल्प चुनें.

  • बाईं तरफ Power सेक्शन पर क्लिक करें. यहां Cycle Count और Condition की जानकारी दिखाई देगी.

  • Cycle Count बताता है कि बैटरी ने कितने चार्ज साइकल पूरे किए हैं. एक साइकल का मतलब जरूरी नहीं कि एक बार चार्ज करना हो, बल्कि कुल 100 फीसदी बैटरी क्षमता के बराबर इस्तेमाल होना है.

  • ज्यादातर MacBook मॉडल की बैटरी 1000 चार्ज साइकल तक अपनी निर्धारित क्षमता बनाए रखने के लिए डिजाइन की गई होती है. अगर Cycle Count 700-800 के पार है तो बैटरी की स्थिति ध्यान से जांचें. Condition में Service Recommended लिखा हो तो खरीदने से पहले बैटरी बदलने का खर्च जरूर पता करें.

खरीदने से पहले 20 मिनट करें बैटरी टेस्ट:

  • सिर्फ सॉफ्टवेयर रिपोर्ट देखकर लैपटॉप न खरीदें. उसका लाइव बैटरी टेस्ट भी करें.

  • सबसे पहले लैपटॉप का चार्जर निकाल दें और स्क्रीन की ब्राइटनेस बढ़ाकर YouTube पर 15-20 मिनट वीडियो चलाएं. इस दौरान बैटरी प्रतिशत पर नजर रखें.

  • अगर बैटरी अचानक तेजी से गिरती है, लैपटॉप बिना चेतावनी बंद हो जाता है या चार्जिंग प्रतिशत में असामान्य बदलाव आता है तो बैटरी में खराबी हो सकती है.

  • इसके अलावा लैपटॉप के निचले हिस्से और कीबोर्ड को भी ध्यान से देखें. अगर बैटरी फूल गई है तो बॉडी उभरी हुई दिखाई दे सकती है. ऐसी स्थिति में लैपटॉप खरीदने से बचें.