नई दिल्ली: ज्यादातर लोग WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ मैसेज भेजने, कॉल करने और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए करते हैं. लेकिन इस ऐप में कई ऐसे उपयोगी फीचर्स छुपे हैं, जिनकी मदद से आप दूसरे ऐप्स पर निर्भरता कम कर सकते हैं. WhatsApp से आप UPI पेमेंट कर सकते हैं, 2GB तक की बड़ी फाइल भेज सकते हैं, AI से मदद ले सकते हैं, ताजा अपडेट पा सकते हैं और अपने पर्सनल नोट्स भी बना सकते हैं. चलिए जानते हैं इन 5 फीचर्स के बारे में.
अगर आप रोजमर्रा के पेमेंट के लिए अलग-अलग ऐप खोलते हैं, तो WhatsApp का UPI फीचर आपके लिए बहुत सुविधाजनक है. यह सुविधा काफी समय से उपलब्ध है. सेटिंग्स में जाकर इसे आसानी से सेटअप किया जा सकता है. सेटअप पूरा होने के बाद आप चैट करते-करते ही QR कोड स्कैन करके पैसे भेज सकते हैं. दुकानदार को पेमेंट हो या दोस्त को पैसे ट्रांसफर करने हों, सब कुछ WhatsApp से ही हो जाता है. बातचीत और डिजिटल पेमेंट दोनों एक ही जगह पर हो जाते हैं, जिससे समय और मेहनत दोनों बचती है.
AI की मदद लेने के लिए हर बार नया ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है. WhatsApp में Meta AI की सुविधा मिलती है. आप सीधे चैट में सवाल पूछ सकते हैं. किसी विषय की जानकारी चाहिए, ईमेल या रिज्यूमे का ड्राफ्ट बनवाना है, या कोडिंग से जुड़ा सवाल है– Meta AI जवाब दे सकता है. टेक्स्ट लिखकर तस्वीरें बनाने का काम भी इससे किया जा सकता है. यानी एक ही ऐप में चैटिंग के साथ-साथ स्मार्ट मदद भी मिल जाती है.
बड़ी फाइल शेयर करने के लिए अब दूसरे ऐप की जरूरत नहीं. WhatsApp में आप 2GB तक की फाइल भेज सकते हैं. बड़ी फोटो, लंबी वीडियो या महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट आसानी से दूसरे व्यक्ति तक पहुंच जाते हैं. इसके अलावा, आप WhatsApp को अपनी फाइलों का स्टोरेज भी बना सकते हैं. बस एक ऐसा ग्रुप बनाएं जिसमें सिर्फ आप ही हों. उसमें जरूरी फोटो, वीडियो और दस्तावेज सेव कर लें. जरूरत पड़ने पर कभी भी खोलकर देख सकते हैं. फोटो और वीडियो को HD क्वालिटी या ओरिजनल रेजोल्यूशन में रखने का विकल्प भी उपलब्ध है, जिससे क्वालिटी खराब नहीं होती.
न्यूज और अपडेट के लिए अलग-अलग ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं. WhatsApp का Channels फीचर इस काम को आसान बनाता है. आप अपनी पसंद के न्यूज पोर्टल, ब्रांड या किसी खास विषय के चैनल फॉलो कर सकते हैं. इसके बाद उन चैनल्स से समय-समय पर नई खबरें और जरूरी जानकारी सीधे WhatsApp पर मिलती रहती है. अपनी रुचि के अनुसार चैनल चुनकर आप बिना किसी अतिरिक्त ऐप के अपडेटेड रह सकते हैं.
जरूरी बातें याद रखने के लिए अलग नोट्स ऐप खोलने की जरूरत नहीं. WhatsApp में ही एक नया ग्रुप बनाएं और उसमें सिर्फ खुद को रखें. ग्रुप का नाम Notes या अपनी पसंद का कोई नाम रख दें. अब इसमें टेक्स्ट लिख सकते हैं, ऑडियो मैसेज, वीडियो, फोटो और दूसरी फाइलें भी सेव कर सकते हैं. बाद में जब भी जरूरत हो, आसानी से खोजकर देख सकते हैं. यह तरीका बहुत सरल और सुरक्षित है क्योंकि सब कुछ आपके अपने WhatsApp में ही रहता है.