'मेडल लाओ, सीधी सरकारी नौकरी पाओ!' उत्तराखंड के खेल विजेताओं के लिए खुला भर्ती का द्वार
उत्तराखंड सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को 'आउट ऑफ टर्न' सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू करते हुए 9 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं.
उत्तराखंड सरकार ने राज्य के होनहार एथलीटों को सम्मानित करने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. खेल नीति-2021 के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को 'आउट ऑफ टर्न' सीधी सरकारी नियुक्ति देने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है. खेल निदेशालय ने इसके लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है.
9 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
विभाग ने 25 सितंबर 2021 से 25 सितंबर 2026 के मध्य पदक हासिल करने वाले पात्र खिलाड़ियों से 9 अक्टूबर तक आवेदन मांगे हैं. खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने एथलीटों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को सही सम्मान देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उत्तराखंड का स्थायी निवास होना अनिवार्य
सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने वाले खिलाड़ी का उत्तराखंड का मूल या स्थायी निवासी होना अनिवार्य है. इसके साथ ही, यदि कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक के आधार पर दावा करता है, तो उसे उस प्रतियोगिता से पहले राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा. पात्र अभ्यर्थी राजपत्रित और अराजपत्रित पदों के लिए खेल विभाग की वेबसाइट से विस्तृत शासनादेश और फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं.