मानसून के बाद सड़कों पर चलेगा बड़ा अभियान, PMGSY और निकायों को मिलेगा फंड

उत्तराखंड में मानसून के बाद सड़क सुधार अभियान तेज होगा. धामी कैबिनेट ने PMGSY की पुरानी सड़कों और शहरी निकाय क्षेत्रों की सड़कों के लिए जरूरी धनराशि उपलब्ध कराने पर चर्चा की है.

Pinterest
Kuldeep Sharma

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़क व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया. सरकार ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. मानसून खत्म होते ही मरम्मत और निर्माण कार्य तेजी से शुरू किए जाएंगे.

पुरानी PMGSY सड़कों पर फोकस

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी उन पुरानी सड़कों पर चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है. नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण ऐसी सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए राज्य सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार कर रही है. लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं.

मानसून बाद युद्धस्तर पर काम

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश खत्म होते ही सड़क सुधार के काम में देरी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए निविदा प्रक्रिया और दूसरी तैयारियां अभी पूरी करने को कहा गया है. सरकार चाहती है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सड़क निर्माण और मरम्मत के काम एक साथ गति पकड़ें.


शहरी सड़कों के लिए भी मिलेगा पैसा

कैबिनेट बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों को लेकर भी चर्चा हुई. स्थानीय निकायों को सड़क सुधार के लिए जरूरी संसाधन देने की योजना है. मुख्यमंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि अक्टूबर से वह प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से दौरा करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे.