उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, पुलिस ने जारी की सुरक्षा चेतावनी; इन जिलों में कल 12वीं तक के सभी स्कूल बंद!
उत्तरकाशी प्रशासन और पुलिस मौसम विभाग के अलर्ट के आधार पर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. फिलहाल, आपदा प्रबंधन टीमें भी सक्रिय हैं ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके. यह कदम क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है.
उत्तरकाशी में भारी बारिश के अलर्ट के बीच, उत्तरकाशी पुलिस ने रविवार 24 अगस्त, 2025 को नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है. इस दौरान पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और नदियों व नालों के पास न जाने की अपील की है. यह कदम क्षेत्र में बारिश से उत्पन्न होने वाले खतरों को देखते हुए उठाया गया है.
उत्तरकाशी पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्वीट में कहा, "पुलिस घोषणाएं बारिश के अलर्ट और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लगातार लोगों को सतर्क कर रही हैं. सभी सावधानियां बरतें, नदियों और नालों के पास न जाएं. सुरक्षित स्थान पर रहें. साथ ही पुलिस सहायता के लिए 112 डायल करें." यह संदेश क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर और भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर जारी किया गया है.
जानें किन जिलों में रहेगा बारिश का अलर्ट!
दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आगमी सोमवार यानि कि 25 अगस्त को बारिश के आसार को देखते हुए चेतावनी के तौर पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग समेत टिहरी जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की आशंका है. इसके अलावा कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.