'धामी सरकार ने खोला खजाना!' उत्तराखंड के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में जल आपूर्ति, सड़कों, रिवरफ्रंट विकास, सौर ऊर्जा, पार्किंग और पर्यटन परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे और जल प्रबंधन को मजबूत करने के लिए अहम वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं. देहरादून के मधुवन एन्क्लेव में नलकूप व जलाशय के लिए 4.98 करोड़ रुपये, जबकि नैनीताल के हल्द्वानी में राज्य स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला के लिए 2.21 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए ऋषिकेश के लक्कड़घाट (26 MLD STP) और टिहरी के चोरपानी (5 MLD STP) में ग्रिड सोलर प्लांट की स्थापना के लिए क्रमशः 4.30 करोड़ और 2.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.
पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कों और हैलीपैड का सुदृढ़ीकरण
दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन को सुलभ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई प्रमुख सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के लिए बजट जारी किया है. चमोली के वाण में हैलीपैड निर्माण के लिए 1.88 करोड़ रुपये, पौड़ी के निसनी लिंक मोटर मार्ग सुधार हेतु 3.17 करोड़ रुपये, चम्पावत में बूढ़ाखेत-अमकडिया मार्ग के लिए 1.67 करोड़ रुपये और टिहरी के उप्पू-औलणी मार्ग के पुनः निर्माण हेतु 3.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा मानसून में प्रभावित सड़कों की मरम्मत के लिए आपदा कोष से पीडब्ल्यूडी को 1 करोड़ और ग्राम्य विकास विभाग को 50 लाख रुपये दिए गए हैं.
धार्मिक पर्यटन, पार्किंग और रिवरफ्रंट विकास को बढ़ावा
नंदा राजजात यात्रा और स्थानीय पर्यटन को ध्यान में रखते हुए चमोली के वाण पड़ाव में पार्किंग व शौचालय हेतु 1.36 करोड़ रुपये तथा मुन्दोली में दो अस्थाई पार्किंग क्षेत्रों के लिए लगभग 70 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं. अल्मोड़ा के सिद्धेश्वर मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये और पिथौरागढ़ के धारचूला में काली नदी के तट पर पैदल यात्रियों के लिए रिवरफ्रंट विकसित करने के उद्देश्य से 6.00 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत हुई है.
स्थानीय निर्माण कार्य और सुरक्षा उपाय
अन्य प्रमुख प्रोजेक्ट्स में हरिद्वार के रानीपुर में सड़कों के चौड़ीकरण हेतु 3.41 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में आंतरिक सीसी मार्गों के निर्माण के लिए लगभग 1.54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. साथ ही, नैनीताल स्थित उच्च न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए 77.29 लाख रुपये की धनराशि का अनुमोदन दिया गया है.