बिना मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के ये लोग नहीं कर सकेंगे बंजी जंपिंग, आया बड़ा नियम
उत्तराखंड सरकार बंजी जंपिंग की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए नियम लागू करने जा रही है. 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जरूरी होगा जबकि हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोगियों पर रोक रहेगी.
उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. बंजी जंपिंग से जुड़ी हालिया घटनाओं के बाद सरकार नए सुरक्षा मानक तैयार कर रही है. प्रस्तावित नियमों के तहत उम्र, स्वास्थ्य और उपकरणों की गुणवत्ता को लेकर सख्त प्रावधान किए जाएंगे, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
नए नियमों की तैयारी तेज
उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड बंजी जंपिंग के लिए नई सुरक्षा गाइडलाइन तैयार कर रहा है. पर्यटन विभाग के अनुसार अगले एक महीने के भीतर इन नियमों को लागू करने की योजना है. मसौदा तैयार करते समय देश-विदेश के विशेषज्ञों और एडवेंचर स्पोर्ट्स क्षेत्र से जुड़े लोगों की राय ली गई है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रोमांचक गतिविधियों का आनंद लेने वाले लोगों को बेहतर सुरक्षा मिले और संचालन स्पष्ट नियमों के तहत हो.
स्वास्थ्य जांच होगी अनिवार्य
प्रस्तावित नियमों के अनुसार 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को बंजी जंपिंग से पहले मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा. बिना प्रमाणपत्र किसी को अनुमति नहीं मिलेगी. इसके साथ ही हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को जंपिंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. सरकार मानती है कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को पहले ही पहचानकर दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है.
Also Read
- 'श्रीमद्भागवत का पाठ मन को स्थिर बनाता है'. अल्मोड़ा में बोले सीएम धामी
- ऋषिकेश में गंगा तट पर जुटा संसार, परमार्थ निकेतन में कई देशों के राजनयिकों ने किया योग, साध्वी भगवती ने दिया बड़ा संदेश
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड को योग की वैश्विक राजधानी बनाने का लिया संकल्प
हादसों के बाद बढ़ी सख्ती
सरकार का यह कदम हाल के दो मामलों के बाद सामने आया है. एक घटना में जंपिंग के दौरान बंजी कॉर्ड टूटने से युवक घायल हुआ था, जबकि दूसरी घटना में जंप के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. नई गाइडलाइन में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली प्राकृतिक रबर की कॉर्ड का उपयोग, समय पर उपकरण बदलना और नियमित सुरक्षा जांच को भी अनिवार्य बनाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.