आज NEET री-एग्जाम से पहले दून में हाई अलर्ट, पांच जोन में बंटे परीक्षा केंद्र; हर अभ्यर्थी की होगी सख्त जांच
देहरादून में NEET UG री-एग्जाम के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. 16 परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है. चलिए जानते हैं और क्या-क्या व्यवस्थाएं की गईं हैं.
देहरादून: NEET UG री-एग्जाम को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए देहरादून प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिले में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों को पांच अलग-अलग जोन में बांटा गया है और सभी केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी.
अपर जिला मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार मिश्रा के अनुसार पूरे जिले में 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी. प्रत्येक केंद्र को एक सेक्टर के रूप में निर्धारित किया गया है. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है. इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार लेकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है.
कैसी है सुरक्षा व्यवस्था?
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पांचों जोन में अलग-अलग जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. जोन प्रथम में डिप्टी कलेक्टर रविंद्र कुमार ज्वांठा, जोन द्वितीय में एसडीएम अपूर्वा सिंह, जोन तृतीय में एसडीएम कुमकुम जोशी, जोन चतुर्थ में सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और जोन पंचम में संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
Also Read
कौन-कौन से हैं परीक्षा केन्द्र?
परीक्षा के लिए निर्धारित प्रमुख केंद्रों में आर्मी पब्लिक स्कूल, केन्द्रीय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सहित कुल 16 संस्थान शामिल हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया है. केंद्रों पर कंट्रोल रूम, जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्गों की समीक्षा की गई है.
दून पुलिस ने क्या बताया?
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को सघन जांच और फ्रिस्किंग से गुजरना होगा. जांच पूरी होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. इसके अलावा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष मोबाइल टीमें भी तैनात की जाएंगी.
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके.