US Israel Iran War

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में हुई प्रशासनिक फेरबदल, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

उत्तराखंड सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. विनोद प्रसाद सिमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशक और कुंवर सिंह रावत को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक बनाया गया है.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं. इस बदलाव के तहत विनोद प्रसाद सिमल्टी को माध्यमिक शिक्षा का नया निदेशक बनाया गया है, जबकि कुंवर सिंह रावत को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मंगलवार को डॉ. मुकुल कुमार सती के सेवानिवृत्त होने के बाद दोनों महत्वपूर्ण पद खाली हो गए थे, जिन पर अब नई नियुक्तियां कर दी गई हैं.

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सचिव विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर के पद पर कार्यरत विनोद प्रसाद सिमल्टी अब माध्यमिक शिक्षा निदेशक के साथ-साथ अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे. सरकार को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ विभाग के कामकाज को और बेहतर बनाने में मिलेगा.

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक किसे किया गया नियुक्त?

कुंवर सिंह रावत को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक नियुक्त किया गया है. वह इस नई जिम्मेदारी के साथ महानिदेशालय में अपर निदेशक और अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा का दायित्व भी पहले की तरह निभाते रहेंगे. इससे विभाग के विभिन्न कार्यों में समन्वय बनाए रखने में मदद मिलेगी.


किसे कहां किया गया नियुक्त?

शासन ने इस प्रशासनिक फेरबदल के दौरान अन्य अधिकारियों के तबादले भी किए हैं. मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून विनोद कुमार ढौंडियाल का तबादला कर उन्हें सचिव विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर के पद पर नियुक्त किया गया है. वहीं उनके स्थान पर गोविंदराम जायसवाल को देहरादून का नया मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है.

गोविंदराम जायसवाल इससे पहले नैनीताल में प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे. उनके स्थान पर रणजीत सिंह नेगी को नैनीताल का प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा नैनीताल का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है.

क्या होगा इसका फायदा?

शिक्षा विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों और तबादलों से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी. नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारी अपने अनुभव के आधार पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे.

सभी तबादला और नियुक्ति संबंधी आदेश शिक्षा सचिव रविनाथ रामन की ओर से जारी किए गए हैं. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द नए पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं.