उत्तराखंड में बारिश का कहर,11 लोगों की मौत; चार जिलों में स्कूल बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. अलग-अलग आपदा घटनाओं में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है. कई नदियां उफान पर हैं, सड़कें बंद हैं और बारिश के अलर्ट को देखते हुए कई जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं.

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों से हादसों की खबरें सामने आई हैं. कोटद्वार में कोल्हू नदी के तेज बहाव में बाइक समेत एक महिला और उसकी एक साल की बेटी बह गईं. दोनों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति सद्दाम सुरक्षित बच गया.

देहरादून के प्रेमनगर में बरसाती रपटे में दो कारें बह गईं. हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. 

अल्मोड़ा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

अल्मोड़ा में बारिश के कारण घर में मलबा घुसने से बड़ा हादसा हुआ. इस घटना में मां और दो बच्चों समेत पांच लोगों की जान चली गई. वहीं नैनीताल के भीमताल में नाले के तेज बहाव में बहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई. उत्तरकाशी में झील से एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है. इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है.


कैंची धाम में शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और नदी तेज बहाव के साथ उफान पर है. हल्द्वानी में गौला नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. देहरादून में रात करीब एक बजे डालनवाला के मोहिनी रोड स्थित पुल के पास रिस्पना नदी का तेज बहाव दिखाई दिया. नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार होने के बाद प्रशासन ने चैनल खोल दिए हैं.

कई सड़कें बंद, हाईवे पर गिर रहे बोल्डर

भारी बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें प्रभावित हुई हैं. हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है. पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा और बोल्डर गिरने से आवाजाही में परेशानी बनी हुई है. प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं.

मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है. मौसम में सुधार के बाद दोपहर 12 बजे से केदारनाथ यात्रा शुरू कर दी गई है.