भीषण गर्मी से राहत की तलाश? नैनीताल जू में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, जून में टूटा रिकॉर्ड
उत्तराखंड का नैनीताल जू इस पर्यटन सीजन में सैलानियों की पहली पसंद बन गया है. जून महीने में 40 हजार से अधिक पर्यटकों ने यहां पहुंचकर दुर्लभ वन्यजीवों का दीदार किया. रेड पांडा और रॉयल बंगाल टाइगर सबसे बड़े आकर्षण बने हुए हैं.
उत्तराखंड में पर्यटन सीजन पूरे शबाब पर है और नैनीताल लगातार पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. नैनी झील, माल रोड और स्नो व्यू के साथ अब गोविंद बल्लभ पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान यानी नैनीताल जू भी सैलानियों की पसंदीदा जगह बन गया है. जून महीने में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है. मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग नैनीताल पहुंच रहे हैं. इसी का असर जू में भी साफ दिखाई दे रहा है. प्राकृतिक वातावरण में दुर्लभ वन्यजीवों को देखने का अवसर मिलने से हर आयु वर्ग के पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं. जू प्रबंधन भी बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रहा है.
जून में 40 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे
जू प्रशासन के अनुसार जून महीने में 40 हजार से ज्यादा पर्यटक चिड़ियाघर का भ्रमण करने पहुंचे. यह संख्या पिछले सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है. पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान यहां लगातार भीड़ देखने को मिल रही है. इससे साफ है कि नैनीताल जू की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है.
रोजाना 1600 तक पहुंच रही सैलानियों की संख्या
नैनीताल के डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि इन दिनों प्रतिदिन करीब 1500 से 1600 पर्यटक जू का भ्रमण कर रहे हैं. सामान्य दिनों में यह संख्या लगभग एक हजार रहती है. बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई और पर्यटकों के मार्गदर्शन जैसी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है.
Also Read
रेड पांडा और बंगाल टाइगर बने सबसे बड़े आकर्षण
समुद्र तल से करीब 2100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह हाई एल्टीट्यूड जू अपने दुर्लभ वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है. यहां रेड पांडा, रॉयल बंगाल टाइगर, हिमालयी तेंदुआ, सफेद मोर, भालू, घुरल, सांभर और बार्किंग डियर जैसे कई वन्यजीव मौजूद हैं. इनमें रेड पांडा और रॉयल बंगाल टाइगर को देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है.
पर्यटकों ने साझा किया यादगार अनुभव
दिल्ली से आए पर्यटक सुखबीर ने बताया कि नैनी झील में नौकायन के बाद उन्होंने जू का भ्रमण किया, जहां कई दुर्लभ वन्यजीवों को करीब से देखने का मौका मिला. वहीं जम्मू-कश्मीर से आई पर्यटक बानी ने कहा कि नैनीताल जू बेहद व्यवस्थित और खूबसूरत है. सुहावने मौसम के बीच यहां घूमने का अनुभव उनके लिए खास रहा.
वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा
नैनीताल जू केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का भी महत्वपूर्ण स्थल बन चुका है. यहां आने वाले पर्यटकों को दुर्लभ प्रजातियों के बारे में जानकारी मिलती है. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक इस जू का रुख कर रहे हैं और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है.