मुंबई पुलिस ने देहरादून में फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, 11 ठग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत मुंबई की एक महिला की शिकायत से हुई. महिला ने बताया कि जनवरी-फरवरी के महीने में कुछ लोगों ने उसे एक निजी एयरलाइन में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच दिया. इसके लिए उन्होंने महिला से कथित भर्ती प्रक्रिया और दस्तावेजों के नाम पर करीब 2.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए.
देहरादून: मुंबई पुलिस की एक टीम ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अचानक छापा मारकर एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है. इस अवैध कॉल सेंटर में काम करने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों पर नौकरी दिलाने के झांसे में लोगों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है.
मुंबई पुलिस ने देहरादून में फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़
पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत मुंबई की एक महिला की शिकायत से हुई. महिला ने बताया कि जनवरी-फरवरी के महीने में कुछ लोगों ने उसे एक निजी एयरलाइन में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच दिया. इसके लिए उन्होंने महिला से कथित भर्ती प्रक्रिया और दस्तावेजों के नाम पर करीब 2.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए. जब महिला को नौकरी नहीं मिली और ठग उसके फोन का जवाब देना बंद कर दिए, तब उसने मुंबई के मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
11 ठग गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने गहन जांच शुरू की. जांच में पता चला कि ठग देहरादून में बैठकर पूरे देश के नौकरी ढूंढ रहे युवाओं और महिलाओं को टारगेट कर रहे थे. इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम उत्तराखंड पहुंची और देहरादून के एक इलाके में छापेमारी की. छापे के दौरान 11 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
Also Read
पुलिस ने मौके से 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी जब्त की है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह फर्जी कॉल सेंटर 'सोलारिस सॉल्यूशन' नाम से चलाया जा रहा था. यहां बैठकर आरोपी लोग नौकरी के नाम पर लोगों को फोन करते और उन्हें अलग-अलग बहानों से पैसे मांगते थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग देहरादून के रहने वाले हैं. इनमें से कुछ लोग नौकरी की तलाश में थे, लेकिन उन्होंने गलत रास्ता चुना. पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है. ऐसे अन्य फर्जी कॉल सेंटरों पर भी नजर रखी जा रही है.