उत्तराखंड में बारिश का बड़ा खतरा, देहरादून नैनीताल समेत कई जिलों में आफत की चेतावनी; IMD का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. सोमवार को राज्य के कई हिस्सों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया. मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा कई पर्वतीय जिलों में तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों और स्थानीय प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है. विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा और कई जिलों में तेज बौछारें जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.
इन जिलों में सबसे ज्यादा असर की संभावना
7 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
Also Read
12 जुलाई तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 8 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं 9 और 10 जुलाई को कुमाऊं मंडल के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधम सिंह नगर के साथ गढ़वाल मंडल के कई जिलों में भारी बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
मानसून की सक्रियता बढ़ने से मौसम में बदलाव
IMD के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून देहरादून, मंडी, बरेली और अयोध्या के रास्ते उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है. अगले दो से तीन दिनों में इसके पूरे राज्य में सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक बनी मौसमी द्रोणिका और दक्षिण पूर्वी हवाओं के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी उत्तराखंड की ओर पहुंच रही है.
पश्चिमी विक्षोभ भी बढ़ा रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसकी वजह से उत्तराखंड के आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना बनी हुई है. इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है.
लोगों के लिए मौसम विभाग की अहम सलाह
देहरादून मौसम केंद्र ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से संवेदनशील और भूस्खलन संभावित इलाकों में यात्रा करने से बचने की अपील की है. साथ ही आंधी तूफान और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन और आम लोगों को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए.