उत्तराखंड में महंगी हो सकती है बिजली, 5900 करोड़ का बोझ उपभोक्ताओं पर डालने की तैयारी
उत्तराखंड में बिजली उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का बोझ पड़ने की आशंका बढ़ गई है. ऊर्जा निगम ने करीब 5900 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रकम उपभोक्ताओं से वसूलने का प्रस्ताव रखा है.
उत्तराखंड के गठन के समय उत्तर प्रदेश से राज्य को बिजली योजनाओं के रूप में करीब 550 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली थी. यह रकम ऊर्जा निगम को संपत्ति के रूप में बिजली दरों में समायोजित होकर मिलनी थी, लेकिन आज तक इसका भुगतान नहीं हो सका.
इस संपत्ति के रखरखाव पर हर साल होने वाला खर्च लगातार जुड़ता गया. समय के साथ 550 करोड़ रुपये की मूल राशि और उससे जुड़े खर्च का बोझ बढ़कर करीब 5900 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. अब वित्त विभाग इस रकम को ऊर्जा निगम से मिलने वाली राशि के साथ समायोजित करने को तैयार नहीं है. इसके बाद ऊर्जा निगम ने इस राशि की वसूली बिजली उपभोक्ताओं से करने का प्रस्ताव रखा है.
प्रस्ताव पास हुआ तो कितना बढ़ सकता है बिजली बिल?
ऊर्जा निगम के प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो उपभोक्ताओं पर सीधा आर्थिक असर पड़ सकता है. आकलन के मुताबिक 5900 करोड़ रुपये की रिकवरी के लिए कुछ समय तक बिजली की कीमत करीब तीन रुपये प्रति यूनिट तक बढ़ाई जा सकती है. इसका मतलब है कि पहले से बिजली बिल का भुगतान कर रहे घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ सकती है. हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि बिजली की दर वास्तव में कितनी बढ़ेगी. अंतिम निर्णय विद्युत नियामक आयोग की ओर से लिया जाएगा.
Also Read
उपभोक्ताओं की तरफ से नहीं पहुंचा कोई प्रतिनिधि
विद्युत नियामक आयोग में इस प्रस्ताव को लेकर बुधवार को जनसुनवाई हुई. खास बात यह रही कि आम उपभोक्ताओं की ओर से विरोध दर्ज कराने के लिए कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा. हालांकि इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रतिनिधि राजीव अग्रवाल अपने एक सहयोगी के साथ सुनवाई में शामिल हुए.
आयोग अध्यक्ष ने भी जताई हैरानी
जनसुनवाई में आम लोगों की गैरमौजूदगी पर आयोग अध्यक्ष एमएल प्रसाद ने भी हैरानी जताई. उन्होंने कहा कि लोगों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था. मामले की जानकारी प्रकाशित कराने के साथ आयोग की वेबसाइट पर भी सूचना उपलब्ध कराई गई थी. इसके बावजूद आम उपभोक्ताओं की ओर से कोई आपत्ति दर्ज कराने नहीं पहुंचा. ऐसे में अब आयोग के सामने ऊर्जा निगम के प्रस्ताव, उपलब्ध आपत्तियों और सुझावों के आधार पर आगे फैसला लेने की प्रक्रिया है.