'BJP परिवार के लिए यह एक अपूरणीय क्षति', शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा का निधन; CM धामी ने जताया दुख

शिकारपुर से बीजेपी विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था.

@AdvRanjana4bjp
Reepu Kumari

शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर सामने आते ही बुलंदशहर जिले और शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया.

CM धामी ने बताया BJP परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

अनिल शर्मा के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया. उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर अनिल शर्मा के निधन पर संवेदना जताई. CM धामी ने उनके निधन को भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की.


ग्राम प्रधान से शुरू किया था राजनीतिक सफर

करीब 63 वर्षीय अनिल शर्मा बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र के सूरजावली गांव के रहने वाले थे. उनकी राजनीतिक यात्रा गांव की राजनीति से शुरू हुई थी. वर्ष 1989 में वह अपने पैतृक गांव सूरजावली के ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गए थे. इसके बाद उन्होंने लगातार दूसरी बार भी ग्राम प्रधान का चुनाव जीता. यहीं से उनका सक्रिय राजनीतिक सफर आगे बढ़ा.

खुर्जा से दो बार रहे विधायक

अनिल शर्मा ने वर्ष 2002 में खुर्जा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. इसके बाद वर्ष 2007 में भी उन्होंने खुर्जा से चुनाव जीता. इस तरह वह खुर्जा विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक रहे. इसके बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता शिकारपुर क्षेत्र में बढ़ाई और वर्ष 2012 में यहां से चुनाव मैदान में उतरे.

2012 में हार के बाद 2017 में BJP से मिली जीत

वर्ष 2012 में अनिल शर्मा ने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मुकेश शर्मा से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद वर्ष 2017 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी मिली.

2022 में फिर जीते शिकारपुर से चुनाव

अनिल शर्मा ने वर्ष 2022 में एक बार फिर शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता और विधायक बने. इस तरह वह खुर्जा से दो बार और शिकारपुर से भी दो बार विधायक रहे. लंबे राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं. उनके निधन की खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक का माहौल है. CM धामी समेत कई राजनीतिक लोगों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की.