Army Recruitment 2027: 3-4 दिन में CEE रिजल्ट, 25 जुलाई से फिजिकल टेस्ट शुरू

भारतीय सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए अहम सूचना जारी की है. CEE परीक्षा का परिणाम अगले 3-4 दिनों में आएगा. वहीं 25 जुलाई से रानीखेत में फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन शुरू होगा.

X
Ashutosh Rai

भारतीय सेना में भर्ती का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा ने बताया है कि भर्ती वर्ष 2027 के ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम जल्द घोषित होगा. इसके साथ ही फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज जांच की तारीखों की भी जानकारी जारी कर दी गई है.

कुछ दिनों में आएगा CEE रिजल्ट

सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम अगले तीन से चार दिनों के भीतर घोषित किया जाएगा. सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर नियमित रूप से अपना रिजल्ट देखें. इसके साथ अपने पंजीकृत जीमेल अकाउंट की भी लगातार जांच करते रहें, क्योंकि आगे की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी वहीं भेजी जाएगी. भर्ती अधिकारियों का कहना है कि समय पर सूचना देखने से उम्मीदवार किसी भी जरूरी चरण से नहीं चूकेंगे. इसलिए रिजल्ट जारी होने के बाद बिना देरी आगे की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा.

25 जुलाई से फिजिकल टेस्ट

भर्ती कार्यालय ने बताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी के उम्मीदवारों के साथ रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वे ऑटो कार्टो के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 25 और 26 जुलाई को रानीखेत के सोमनाथ ग्राउंड में होगी. इसी दौरान दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा. वहीं उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अग्निवीर अभ्यर्थियों की फिजिकल परीक्षा 27 जुलाई से शुरू होगी. भर्ती कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि कुमाऊनी जाति के उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र में केवल कुमाऊनी जाति लिखा होना चाहिए, अन्यथा प्रमाण पत्र मान्य नहीं होगा.

दस्तावेज पूरे रखें

सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को पहले से पूरी तैयारी करने की सलाह दी है. अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी और तीन महीने से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे. आधार कार्ड, उससे जुड़ा मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा. यदि किसी उम्मीदवार के दस्तावेज अधूरे या फर्जी पाए गए तो उसकी उम्मीदवारी तुरंत रद्द कर दी जाएगी और पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी.