FIFA World Cup 2026

UP Weather: घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल, पूरे यूपी में मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का बड़ा अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है और 4 जुलाई को पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी यूपी में गरज चमक और वज्रपात की संभावना है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश जिलों में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने शनिवार, 4 जुलाई के लिए पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

पिछले कुछ घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कानपुर में सबसे अधिक 99.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा मेरठ में 86 मिमी, बदायूं में 85 मिमी, चित्रकूट और संभल में 62-62 मिमी, बांदा में 50 मिमी, लखीमपुर खीरी में 49.2 मिमी और कासगंज में 46 मिमी बारिश हुई. बुंदेलखंड और तराई क्षेत्र के कई जिलों में भी लगातार बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है.

राजधानी लखनऊ में कैसा है मौसम?

राजधानी लखनऊ में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मेघगर्जन और बारिश की संभावना है. लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है.


मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता के कारण प्रदेश के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है. इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है. इससे पहले पूरे प्रदेश में सबसे अधिक 40 डिग्री सेल्सियस तापमान फतेहगढ़ में दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस हरदोई में रिकॉर्ड किया गया.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार के दौरान मानसून का प्रभाव मुख्य रूप से बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में अधिक रहेगा. इसके बाद 5 जुलाई से एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक और तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.