FIFA World Cup 2026

UP Weather: यूपी में मानसून की होगी एंट्री! आज इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, जानें मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

उत्तर प्रदेश में 26 जून को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में 28 जून तक लू चल सकती है. चलिए जानते हैं मौसम विभाग ने और क्या चेतावनी दी है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 26 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में लू का असर अभी भी बना रह सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 29 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं 30 जून के बाद कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 29 जून के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 29 जून के बाद कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक 30 जून के बाद यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.


कौन सा जिला रहा सबसे गर्म?

इस बीच प्रदेश में गर्मी का असर अभी भी जारी है. 25 जून को बांदा उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. मौसम विभाग ने 26 से 28 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है.

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है. उन्होंने कहा कि 27 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना बनी हुई है. लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए.

मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की एंट्री के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लंबे समय से जारी भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी. किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी.