menu-icon
India Daily

UP TET 2026: परीक्षा की तारीखें घोषित, 30 जून से डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र; जानें डिटेल

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी टीईटी 2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित करने की घोषणा की है. अभ्यर्थी 30 जून से प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP TET 2026: परीक्षा की तारीखें घोषित, 30 जून से डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र; जानें डिटेल
Courtesy: Pinterest (Representative image)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. आयोग के अनुसार परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अभ्यर्थी 30 जून से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे.

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी. 2 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा होगी. 3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 की परीक्षा आयोजित की जाएगी. वहीं 4 जुलाई को केवल एक पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा कराई जाएगी.

आयोग ने तैयारियों को लेकर क्या दिया अपडेट?

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. आयोग का कहना है कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे 30 जून से अपना प्रवेशपत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र, समय और जरूरी निर्देशों की जांच कर लें.

कितने शिक्षक हैं कार्यरत?

विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में करीब आठ हजार शिक्षक कार्यरत हैं. टीईटी व्यवस्था लागू होने से पहले नियुक्त हुए लगभग साढ़े चार हजार शिक्षक ऐसे थे जिन्होंने टीईटी या सीटीईटी पास नहीं किया था. 

अब भी लगभग साढ़े तीन हजार शिक्षक ऐसे हैं जिन्हें इस विशेष टीईटी परीक्षा का इंतजार था. उनके लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.

बीएसए धीरेंद्र त्रिपाठी ने क्या बताया?

बीएसए धीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आयोग परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है. जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वे निर्धारित तिथियों पर परीक्षा में शामिल होंगे. उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर प्रवेशपत्र डाउनलोड करने और परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.