युवाओं से CM योगी की अपील, एक कौशल सीखकर विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में निभाएं भागीदारी
UP CM योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से कम से कम एक कौशल सीखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कुशल युवा ही आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश और एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास से जुड़ने का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है और यदि युवा नए कौशल सीखेंगे तो उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के नए मुकाम तक पहुंचेगा. मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा संदेश में कहा कि पारंपरिक हुनर और आधुनिक तकनीक के मेल से प्रदेश को नई पहचान मिली है और आने वाले समय में इसका लाभ हर क्षेत्र को मिलेगा.
कौशल विकास को बताया सफलता की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ सालों में सरकार ने कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को नई दिशा दी है. उनका मानना है कि प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाएगी. उन्होंने कहा कि कौशल आधारित विकास भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है.
Also Read
- बाराबंकी को 542 करोड़ की सौगात, CM योगी 82 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
- UP Weather: यूपी में बारिश का कहर, मेरठ समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी; जानें आने वाले दिनों में कैसी होगी स्थिति
- 'मुझे आधी तनख्वाह दीजिए...' IAS रिंकू सिंह राही ने फिर फोड़ा 'लेटर बम', प्रशासनिक हलकों में मचा हड़कंप
IT और एआई क्षेत्र में बढ़ रही पहचान
CM योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है. राज्य तेजी से सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है. उन्होंने इसे प्रदेश की बदलती आर्थिक तस्वीर का महत्वपूर्ण संकेत बताया.
युवाओं से किया विशेष आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे कम से कम एक नया कौशल जरूर सीखें. उनका कहना है कि इससे न केवल व्यक्तिगत विकास होगा बल्कि समाज और प्रदेश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा. उन्होंने युवाओं को बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार करने की सलाह दी.
आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी ताकत है कौशल
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है. यही स्वाभिमान को मजबूती देता है और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा.