UP Home Guard Result 2026: 19 लाख उम्मीदवारों का इंतजार खत्म, 1.07 लाख अभ्यर्थी अगले राउंड के लिए चयनित
यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है. 41,424 पदों के लिए 1.07 लाख से अधिक अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित हुए हैं. अब दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षा की तैयारी शुरू होगी.
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. भर्ती बोर्ड ने लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा, जिसमें दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षण प्रमुख होंगे.
जारी हुआ रिजल्ट, लाखों अभ्यर्थियों को राहत
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम रविवार को घोषित किया. कुल 41,424 रिक्त पदों के लिए 1,07,221 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है. परीक्षा अप्रैल 2026 में छह पालियों में आयोजित की गई थी, जिसमें 19 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे. बोर्ड ने जिलेवार कटऑफ और उत्तर कुंजी भी उपलब्ध करा दी है.
अब होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन (DV), शारीरिक मानक परीक्षा (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा. भर्ती बोर्ड के अनुसार इन चरणों की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें.
Also Read
शारीरिक परीक्षा और चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया में पुरुष अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में 4.8 किलोमीटर और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी. सभी चरण सफलतापूर्वक पार करने वाले उम्मीदवारों का नाम अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 20,200 रुपये मासिक वेतन के साथ विभिन्न सरकारी भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा.