शराब के नशे में कातिल बना पिता, बेटी के सिर से सटाकर मारी गोली; गांव में पसरा मातम
UP में पीलीभीत से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में पिता पर अपनी 20 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. वहीं सहारनपुर में 19 वर्षीय युवक का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है.
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सामने आई दो अलग अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया. पीलीभीत में एक पिता पर अपनी 20 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था. विवाद के दौरान उसने कथित तौर पर अवैध तमंचे से बेटी के सिर से सटाकर गोली मार दी. गोली लगने के बाद युवती की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरी घटना सहारनपुर की है, जहां 19 वर्षीय युवक का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला. परिजनों ने हत्या के बाद शव को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताते हुए पड़ोस के सात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है.
पीलीभीत में नशे में घर पहुंचा पिता
पहली घटना पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा नौगवां गांव की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार अजय पाल गंगवार शुक्रवार शाम कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी 20 वर्षीय बेटी अंशिका से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसके बाद पिता ने अवैध तमंचा निकाला और बेटी के सिर से सटाकर गोली चला दी. गोली लगते ही अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था.
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं. क्षेत्राधिकारी राहुल पांडे के मुताबिक परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है.
Also Read
सहारनपुर में आम के बाग में मिला युवक का शव
दूसरी घटना सहारनपुर जिले से सामने आई है. यहां 19 वर्षीय आयुष का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला. युवक के गले में रस्सी बंधी थी और उसका दूसरा सिरा पेड़ से बंधा हुआ था. आयुष जिले के डकरावर कलां के मजरे जटियाखेड़ी का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक वह शुक्रवार सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. दोपहर करीब 1.30 बजे परिवार को उसके शव के आम के बाग में मिलने की जानकारी मिली. शव मिलने की खबर के बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
परिवार ने सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
आयुष के पिता कंवरपाल ने आरोप लगाया कि पड़ोस के सात लोग पहले उनके घर आए थे और आयुष के बारे में पूछताछ कर रहे थे. इसके बाद परिवार को संदेह हुआ और उन्होंने युवक की तलाश शुरू की. परिजनों ने आरोप लगाया कि आयुष की हत्या करने के बाद उसके शव को पेड़ से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. परिवार की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर ली है. पुलिस ने हत्या से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.