प्रेमिका को जंगल ले गया, कपड़े उतारते ही सरिया से किया हमला; सहारनपुर हत्याकांड का खौफनाक खुलासा
सहारनपुर के गागलहेड़ी में जंगल से मिले इमराना के शव के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी और प्रेमी शमशाद जोगी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक पैसों और रिश्ते को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने इमराना को जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने की कोशिश की.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है. गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के जंगल में 14 अगस्त को मिले महिला के शव की पहचान इमराना के रूप में हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. जांच के बाद पुलिस ने इमराना की हत्या के आरोप में उसके पड़ोसी शमशाद जोगी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पिछले सात से आठ महीने से प्रेम संबंध थे. शुरुआती जांच में सामने आया कि पैसों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था.
दवा कंपनी में काम करती थी इमराना
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार इमराना छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी में काम करती थी. शमशाद कई बार बाइक से उसे काम पर छोड़ने और वापस लेने जाता था. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए. पुलिस के मुताबिक इमराना की बेटी आफरीन की शादी की बात चल रही थी. शादी के लिए इमराना को पैसों की जरूरत थी और वह शमशाद से भी आर्थिक मदद मांग रही थी. शमशाद पैसे देने से इनकार करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ.
दूसरे व्यक्ति से संबंध को लेकर भी था विवाद
पुलिस ने बताया कि शमशाद इमराना के एक अन्य व्यक्ति केसर उर्फ केशव से कथित संबंध को लेकर भी नाराज था. वह इमराना पर केशव से दूरी बनाने का दबाव डालता था. पैसों की मांग और रिश्ते को लेकर बढ़ते विवाद के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. पुलिस के अनुसार इन्हीं वजहों से परेशान होकर शमशाद ने इमराना की हत्या की योजना बनाई.
Also Read
पुलिस के मुताबिक 13 अगस्त की शाम शमशाद इमराना को उसकी कंपनी से लेने पहुंचा. आरोप है कि उसने पहले से हत्या की योजना बना रखी थी.जांच में पुलिस को पता चला कि शमशाद ने अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया था. उसने अपनी बाइक में भी बदलाव किए थे ताकि CCTV कैमरों में उसकी पहचान करना मुश्किल हो. इसके बाद वह इमराना को प्रेम संबंध बनाने और पैसे देने का बहाना बनाकर गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के नांगल अहीर गांव के जंगल में ले गया.
जंगल में किया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक जंगल में पहुंचने के बाद शमशाद ने इमराना से कपड़े उतारने को कहा. आरोप है कि जैसे ही इमराना कपड़े उतारने लगी, शमशाद ने बाइक में रखा सरिया निकाल लिया. इसके बाद उसने इमराना के सिर और चेहरे पर कई वार किए. गंभीर चोटों के कारण इमराना की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को पास के नाले में फेंक दिया. पुलिस के अनुसार उसने इमराना का मोबाइल भी सरिया से तोड़ दिया और उसे पास के तालाब में फेंक दिया. वारदात में इस्तेमाल सरिया भी तालाब में डाल दिया गया.