T20 World Cup 2026

इंदिरा गांधी, नेहरू को मिठाई खिलाने वाली लखनऊ की प्रसिद्ध मिठाई की दुकान की 'माखन मलाई' पर कूदते नजर आए चूहे, चौंका देगा वीडियो

वीडियो में राम आसरे दुकान के अंदर बन रही माखन मलाई मिठाई पर चूहे कूदते हुए नजर आ रहे हैं. दुकान का स्टाफ उन चूहों को भगाने की कोशिश करता है लेकिन अपना भी काम जारी रखता है.

Sagar Bhardwaj

भारत में लोगों में खाने के प्रति दीवानगी देखते ही बनती है. कई लोगों को  इस बात का जुनून होता है कि वे जहां भी जाते हैं वहां की प्रसिद्ध दुकान के व्यंजनों का स्वाद चखना नहीं भूलते, फिर चाहे वह दुकान कितनी की दूर क्यों न हो.

वहीं अगर दुकान दशकों पुरानी हो तो उस दुकान पर जाकर उसके खास व्यंजनों को चखने का तो मजा ही अलग होता है लेकिन सोचो अगर आप घंटों का सफर कर 200 से 250 साल पुरानी दुकान के खाने का स्वाद चखने गए हैं और अगर आपको पता चल जाए कि आपको जो खाना परोसा जा रहा है वो देखने में तो बेहद शानदार है लेकिन उसे बेहद गंदे तरीके से बनाया गया है, चार बार चूहे उस पर कूदकर गए हैं और उसमें मुंह मारकर गए हैं तो क्या हो. 

यहां हम आपको लखनऊ की एक ऐसी ही दुकान के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हम बात कर रहे हैं 1805 में स्थापित हुई लखनऊ की प्रसिद्ध दुकान राम आसरे की. यह वो दुकान है जिसकी मिठाइओं का स्वाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, सर्वपल्ली राधाकृष्णन, और चाचा नेहरू ने भी चखा लेकिन आज इस दुकान की पेंट्री का जो वीडियो सामने आया है उसे देखने के बाद आप इस दुकान की मिठाई खाने के बारे में सौ बार सोचेंगे.

माखन मलाई पर कूदता नजर आया चूहा
राम आसरे की दुकान की किचन के वायरल हुए वीडियो में माखन मलाई पर चूहा कूदते हुए नजर आ रहा है, जिसके बाद दुकान में बनने वाले व्यंजनों की शुद्धता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

इस वीडियो को एक फूड व्लॉगर ने अपने इंस्टाग्राम चैनल पर पोस्ट किया है. वीडियो में राम आसरे दुकान के अंदर बन रही माखन मलाई मिठाई पर चूहे कूदते हुए नजर आ रहे हैं. दुकान का स्टाफ उन चूहों को भगाने की कोशिश करता है लेकिन अपना भी काम जारी रखता है.

जब माखन मलाई पूरी तरह बन जाती है तब एक आदमी उसे चखता हुआ भी दिखाई देता है और अंत में दुकान का बोर्ड भी दिखाई देता है जिस पर लिखा होता है राम आसरे.

 

लोगों की पसंदीदा है माखन मलाई

बता दें कि राम आसरे की माखन मलाई स्थानीय लोगों में काफी प्रसिद्ध है और लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग हैरान हैं. हालांकि अभी तक इस वीडियो पर दुकान के मालिकों की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.