राम मंदिर ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक, चंपत राय के इस्तीफे और SIT जांच पर होगा बड़ा फैसला

राम मंदिर ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक होगी. इसमें चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों, एसआईटी जांच, ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे और दान व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

Pinterest
Sagar Bhardwaj

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार किया जा सकता है. यदि दोनों के इस्तीफे स्वीकार होते हैं तो ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव पर भी चर्चा होने की संभावना है. यह बैठक मणिराम छावनी में आयोजित होगी. ट्रस्ट अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास अस्पताल में भर्ती हैं और स्वास्थ्य कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हो सकते हैं. वरिष्ठ ट्रस्टी के. परासरण भी इसी माध्यम से बैठक में भाग लेने की संभावना है.

 SIT की अंतरिम रिपोर्ट भी एजेंडे में

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विशेष जांच दल (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा वित्त वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का अनऑडिटेड विवरण, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय दस्तावेज मंजूरी के लिए रखे जाएंगे. मंदिर के प्रशासन को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति का प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल बताया जा रहा है.

 ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

दान विवाद के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्टों के अनुसार, मंदिर परिसर में कार्यरत लगभग 1,500 कर्मचारियों की नियुक्ति और सेवा नियमों के लिए कोई स्पष्ट नियमावली नहीं बनाई गई, जबकि पुजारियों की नियुक्ति के लिए अलग व्यवस्था मौजूद है. कुछ लोगों ने कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं.


 जांच के बीच बढ़ी पारदर्शिता की मांग

चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है. इसी बीच ट्रस्ट के भीतर प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और भविष्य की व्यवस्था को लेकर यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है. हालांकि, सभी निर्णय बैठक में हुई चर्चा और ट्रस्ट की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.