Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

'हमारी मस्जिद हटाकर मंदिर बनाया, बम से उड़ा देंगे', राम मंदिर पर आतंकी हमले का खतरा! अलर्ट जारी

Ram Mandir: राम मंदिर को एक बार फिर से आतंकी हमले की धमकी दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी है. इस धमकी के सामने आने के बाद राम मंदिर के आसपास के इलाकों के अलावा पूरे अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है. मंदिर के आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है.

Social Media
India Daily Live

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर को एक बार फिर आतंकी धमकी दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद ने राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस तरह की खबरों के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर आ गए हैं. कहा जा रहा है कि जैश-ए-मोहम्मद ने यह कहते हुए धमकी दी है कि अयोध्या में मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाया गया है इसलिए उसे बम से उड़ा दिया जाएगा. बता दें कि इससे पहले भी एक बार राम मंदिर और अयोध्या को लेकर धमकी दी गई थी लेकिन वह धमकी भी खोखली और फर्जी साबित हुई थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद ने एक ऑडियो जारी करके राम मंदिर पर हमला करने की धमकी दी है. धमकी मिलने के बाद मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बता दें कि राम मंदिर और अयोध्या की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नेशनल सिक्योरिटी गार्ड का हब अयोध्या में बनाया जा रहा है. यह देश का कुल छठा एनएसजी हब ही होगा.

बम से उड़ाने की धमकी

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में कहा गया है कि बाबरी मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाया गया, इसलिए इसे बम से उड़ा दिया जाएगा. इस ऑडियो में कहा गया है, 'हमारे तीन साथी कुर्बान हुए हैं. अब इस मंदिर को गिराना ही होगा.' अब इस ऑडियो की जांच भी की जा रही है. साथ ही, मंदिर के आसपास और अयोध्या शहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

बता दें कि साल 2005 में जैश-ए-मोहम्मद ने ही अयोध्या में आतंकी हमला किया था. यही वजह है कि इस धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है. श्रीराम जन्मभूमि मार्ग और अन्य रास्तों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है. मंदिर के आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी निर्देश दे दिए गए हैं कि वे अलर्ट रहें. बताते चलें कि अयोध्या में बने राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है.

जनवरी 2024 में जब राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, तब सिर्फ पहले तल का काम पूरा हुआ था. अभी भी मंदिर के दूसरे और तीसरे तल का काम जारी है. साथ ही, मंदिर परिसर के आसपास तमाम सुविधाओं और अन्य चीजों का निर्माण कार्य जारी है. अयोध्या के रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य हिस्सों को भी नए और भव्य तरीके से विकसित किया जा रहा है.