Weather IMD

गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल में भीषण आग, सिनेमा हॉल और प्रोजेक्टर रूम जला, 10 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पैसिफिक मॉल के सिनेमा हॉल में गुरुवार को भीषण आग लग गई. फायर विभाग की 10 गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.

Fire Department
Dhiraj Kumar Dhillon

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित पैसिफिक मॉल में गुरुवार को भीषण आग लग गई. लपटें उठती देख मॉल में अफरा-तफरी मच गई. आग मॉल के अंदर स्थित सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम और मूवी हॉल में लगी, जिसके चलते पूरे परिसर में धुआं फैल गया. जिसके कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, हालांकि समय रहते फायर विभाग की टीम पहुंचने से तमाम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हालांकि सुबह का समय होने के कारण मॉल में उतनी भीड़ नहीं थी, अन्यथा हादसा भयंकर रूप ले सकता था.

मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम की भी ली गई मदद

आग की सूचना पाकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल पूरी टीम के साथ मौके पर प‌हुंचे. दमकल की गाडियों के अलावा दमकल कर्मियों ने मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम और हौज पाइप की आठ लाइनों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया. स्थिति गंभीर होने पर फायर स्टेशन कोतवाली और साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल गाडियां बुलाई गईं. दमकल कर्मियों के मुताबिक मॉल का फायर फाइटिंग सिस्टम दुरुस्त होने से आग पर काबू पाने में बड़ी मदद मिली.

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. फायर विभाग ने समय पर आसपास की दुकानों और ऑडी क्षेत्र को आग की चपेट में आने से बचा लिया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग बुझाने के ल‌िए 10 फायर टेंडर लगाए गए थे. फिलहाल एक्जॉस्ट सिस्टम की मदद से मॉल के अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला जा रहा है.