नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों को बड़ी सौगात, 12 जून से शुरू होगी सिटी बस सेवा, सीएम योगी दिखाएंगे हरी झंडी; जानें रूट और किराया
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 12 जून से सिटी बस सेवा शुरू होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका वर्चुअल उद्घाटन करेंगे.
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. 12 जून से सिटी बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है. इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना है, जिससे रोजाना आवागमन आसान बनेगा.
अंतिम चरण में उद्घाटन की तैयारियां
नोएडा में सिटी बस सेवा का उद्घाटन सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट से किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए बसों को हरी झंडी दिखाएंगे. कार्यक्रम को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन समारोह सुबह करीब साढ़े दस बजे आयोजित होगा. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्रों में 10-10 बसों के साथ सेवा की शुरुआत करेंगे. इसके लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है. इससे पहले दिन संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए.
महत्वपूर्ण रूटों पर मिलेगी सीधी सुविधा
प्राधिकरण के अनुसार बसों को ऐसे रूटों पर चलाया जाएगा जहां यात्रियों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है. नोएडा से जेवर एयरपोर्ट, दिल्ली, गाजियाबाद के रैपिड मेट्रो स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों तक सीधी बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. शुरुआती चरण के लिए चार प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि इस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और शहर के भीतर तथा आसपास के क्षेत्रों में यात्रा अधिक सुगम बनेगी.
Also Read
- फूड पॉइजनिंग या कुछ और? ग्रेटर नोएडा में मासूम भाई-बहन की मौत, एक ही थाली से परिवार ने खाया था खाना
- गोरखपुर में कल 5 घंटे गुल रहेगी बिजली, बक्शीपुर-दीवान बाजार समेत इन इलाकों में रहेगा शटडाउन
- यूपी कैबिनेट की प्रयागराज में होगी विशेष बैठक, CM योगी संग 54 मंत्री त्रिवेणी संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी
किराया और भविष्य की योजना
सिटी बस सेवा को आम लोगों की पहुंच में रखने के लिए किराया भी संतुलित रखा गया है. यात्रियों को न्यूनतम 20 रुपये और अधिकतम 50 रुपये तक का किराया देना होगा. प्राधिकरण का कहना है कि शुरुआत केवल 30 बसों से की जा रही है लेकिन भविष्य में मांग और यात्री संख्या के आधार पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. इस पहल को क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि नई सेवा से ट्रैफिक दबाव कम होगा.