menu-icon
India Daily

नोएडा में जाम से राहत के लिए लगेंगे 5 नए ट्रैफिक सिग्नल, प्रदूषण जांच भी हुई महंगी

नोएडा वासियों को जल्द ही जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है. प्राधिकरण शहर के पांच प्रमुख चौराहों पर 47 लाख रुपये की लागत से नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने जा रहा है, जो अगस्त के अंत तक शुरू हो जाएंगे.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
नोएडा में जाम से राहत के लिए लगेंगे 5 नए ट्रैफिक सिग्नल, प्रदूषण जांच भी हुई महंगी
Courtesy: social media

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से जूझने वाले वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर है. नोएडा प्राधिकरण ने शहर की व्यस्त सड़कों को जाम मुक्त बनाने की कवायद तेज कर दी है. इसके तहत दो प्रमुख स्थानों पर काम शुरू भी हो चुका है, जिससे आने वाले दिनों में सफर काफी आसान हो जाएगा.

इन पांच जगहों पर लगेंगे सिग्नल

प्राधिकरण ने शहर के उन प्रमुख मोड़ों और चौराहों को चिन्हित किया है जहां अक्सर गाड़ियां रेंगती नजर आती हैं. नए ट्रैफिक सिग्नल सेक्टर 37/29/30 तिराहे, सेक्टर 44/45, सेक्टर 47/107, सेक्टर 168 लोटस जिंग और सेक्टर 62 पीएनबी बैंक के पास लगाए जाएंगे. इन चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के हटते ही वाहनों की कतारें लग जाती थीं.

अगस्त तक पूरा होगा काम

अधिकारियों के अनुसार इन सभी पांचों जगहों पर टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इस पूरी योजना पर करीब 47 लाख रुपये का खर्च आएगा. प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि दो जगहों पर बुनियादी ढांचा तैयार करने का काम शुरू हो गया है और अगस्त के अंत तक सभी सिग्नल पूरी तरह काम करने लगेंगे.

प्रदूषण जांच कराना हुआ महंगा

जाम से राहत की खबर के बीच वाहन मालिकों की जेब पर थोड़ा बोझ भी बढ़ने वाला है. नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में वाहनों की प्रदूषण जांच कराना अब महंगा हो गया है. परिवहन विभाग ने इसके शुल्क में पांच से दस रुपये तक की बढ़ोतरी की है. बिना वैध प्रमाणपत्र के पकड़े जाने पर भारी जुर्माने का प्रावधान है.

जानिए कितना लगेगा नया शुल्क

नए नियमों के मुताबिक पेट्रोल दोपहिया वाहनों के लिए अब 65 के बजाय 70 रुपये देने होंगे. वहीं पेट्रोल और सीएनजी से चलने वाले चार पहिया व तिपहिया वाहनों का शुल्क 85 से बढ़ाकर 90 रुपये कर दिया गया है. डीजल गाड़ियों के लिए यह फीस 120 रुपये तय की गई है। जिले के सभी 194 केंद्रों पर नई दरें लागू हो चुकी हैं.