ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की हत्या, CCTV में बोरी में लाश ले जाता दिखा किराएदार

ग्रेटर नोएडा में घर से लापता हुई छह साल की बच्ची का शव खेत में बोरी के अंदर मिला. इसका सीसीटीवी फुटेज अब वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची की हत्या से सनसनी फैल गई. बच्ची 28 अगस्त की रात घर से लापता हुई थी. पुलिस ने पांच टीमें बनाकर तलाश शुरू की. सीसीटीवी जांच के दौरान एक युवक संदिग्ध मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.

सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध तक पहुंची पुलिस

बच्ची के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली. जांच के दौरान बलराज नाम का युवक सामने आया, जो बच्ची के चाचा के घर किराए पर रहता था और परिवार से परिचित था. फुटेज में वह बोरी लेकर जाता दिखाई दिया. पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन बाद में अपराध कबूल करने की बात सामने आई. उसकी निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बोरी के भीतर बच्ची का शव मिला.

पोस्टमॉर्टम से खुलेगा राज

परिवार का आरोप है कि बच्ची को जान-पहचान का फायदा उठाकर बहला-फुसलाकर साथ ले जाया गया और उसके साथ गलत काम करने के बाद हत्या कर दी गई. पुलिस ने अभी इन आरोपों की जांच जारी रखी है. बताया गया कि आरोपी नशे का आदी है. बच्ची हल्दौनी गांव में परिवार के साथ रहती थी और पास के सरकारी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी. डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमॉर्टम किया है. रिपोर्ट से मौत की वजह और मामले से जुड़े अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है.


रेप समेत सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच

मामले में पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं. पुलिस हत्या की वजह और बच्ची के साथ हुए पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए अलग-अलग सबूत जुटा रही है. रेप की आशंका समेत अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर पांच पुलिस टीमों को तलाश में लगाया गया था. स्थानीय लोगों की मदद से भी अभियान चलाया गया. इसी दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ. पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है.