फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश कई इलाकों में तबाही लेकर आई. फिरोजाबाद जिले के फरिहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नीम का विशाल पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अवागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा.
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे चिढ़रई गांव के पास तेज आंधी और बारिश के दौरान जड़ सहित उखड़ा एक बड़ा नीम का पेड़ सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा और एक बाइक पर गिर पड़ा. ई-रिक्शा में कुल आठ लोग सवार थे. पेड़ गिरते ही सभी उसके नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. लोगों ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया. पहले पेड़ हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद ग्रामीण घरों से कटर और आरी लेकर आए और पेड़ की शाखाओं को काटकर ई-रिक्शा में फंसे लोगों तक पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी. महिला और बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसओ एका संजुल पांडे, जिला अधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया. जिला अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे एंबुलेंस भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी. ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को पैदल और सहारा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाया, ताकि उन्हें जल्द इलाज मिल सके. देर रात तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा.
इस हादसे में फरिहा निवासी हरेशपाल (50), विष्णु (16), गजेंद्र (28), एटा के नगला मंदा निवासी अमन (17) और आनंदपुर निवासी गंगा सिंह (65) की मौत हो गई. प्रशासन ने हादसे की पूरी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. यह घटना खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की एक बड़ी चेतावनी भी मानी जा रही है.