लखनऊ में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है. लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे कुर्सी रोड इलाके में अब सड़क चौड़ीकरण की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है. इससे रोजाना आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है. डंडहिया चौराहा से बेहटा तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे मार्ग को छह लेन में बदला जाएगा. इस परियोजना का प्रस्ताव शासन के पास भेजा जा चुका है. मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित बनने की संभावना है.
लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग यानी कुर्सी रोड वर्तमान में चार लेन का स्टेट हाईवे है. इस मार्ग पर तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. इसी समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इसे छह लेन करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है.
लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का पूरा खाका तैयार कर लिया है. इस परियोजना पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. विभाग को अब शासन से अंतिम मंजूरी का इंतजार है. स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद है.
सड़क के दोनों ओर बनी सर्विस लेन पर कई स्थानों पर ठेले और रेहड़ी संचालकों के कब्जे हैं. चौड़ीकरण के दौरान ऐसे अवैध अतिक्रमण हटाए जाएंगे. इसके साथ ही सड़क की चौड़ाई दोनों ओर 7 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर की जाएगी. सर्विस लेन को भी व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाएगा.
कुर्सी रोड के दोनों ओर 50 से अधिक कॉलोनियां, निजी अपार्टमेंट और आवासीय परियोजनाएं विकसित हो चुकी हैं. इसके अलावा नहरिया रोड और बेहटा क्षेत्र के लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. सड़क छह लेन बनने के बाद करीब पांच लाख से अधिक लोगों की दैनिक आवाजाही पहले से आसान और तेज हो जाएगी.
सरगम अपार्टमेंट से डंडहिया चौराहे तक पीक आवर्स में रोजाना लंबा जाम लगता है. सड़क चौड़ी होने के बाद ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुचारु रहेगी. विभाग के अनुसार क्षेत्र में सीवर और पेयजल पाइपलाइन का कार्य भी जारी है, जिसके बाद सड़क निर्माण को अंतिम रूप दिया जाएगा.